हिमाचल के दुर्गम क्षेत्र पांगी में भड़की आग, पूरा गांव चपेट में आने से बचाया; सर्दी के मौसम में दो परिवार बेघर
हिमाचल प्रदेश के पांगी क्षेत्र में भीषण अग्निकांड से देवी सिंह का दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया, जिससे ...और पढ़ें

जिला चंबा के पांगी में आग लगने से जल मकान। जागरण
HighLights
पांगी के सेरी गांव में देवी सिंह का मकान जलकर राख।
अग्निकांड में लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान।
ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से पूरा गांव सुरक्षित।
कृष्ण चंद राणा, पांगी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक बड़ा अग्निकांड हो गया है। पंचायत करयूनी-कोठी के सेरी गांव में आग लगने से देवी सिंह पुत्र फत्तु राम का दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। इस आग की घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं, अमर सिंह के मकान को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। सर्दी के मौसम के आगमन के दौरान परिवार बेघर हो गया है।
गांव जलने से बचाया
गांव की आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने के प्रयास किए। ग्रामीणों के सहयोग और सभी की तत्परता से आग को फैलने से रोकने में मदद मिली, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
नुकसान का विस्तृत आकलन होगा
तहसीलदार पांगी ने आग की घटना की पुष्टि की है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।
विधायक ने दिए हरसंभव सहायता के निर्देश
घटना के बाद पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन को प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। आग से प्रभावित परिवार के सामने अब नुकसान की भरपाई और आवास की व्यवस्था की चुनौती खड़ी हो गई है।
