एनएचपीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ ने की पेंशन को बढ़ाने की मांग
एनएचपीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पेंशन बढ़ाने की मांग की है।
संवाद सहयोगी, चंबा : एनएचपीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ चंबा की बैठक वीरवार को जिला मुख्यालय में संघ के अध्यक्ष वीर ¨सह मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। इसमें निगम की इकाइयों को भेजे गए मांगपत्र पर चर्चा की गई। अध्यक्ष वीर सिंह ने बताया कि काफी समय बीत जाने के बाद भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भविष्य के बारे में कोई उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है। उनको काफी कम पेंशन मिल रही है, जिससे परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। संघ ने मांग की है कि मासिक पेंशन को महंगाई भत्ते के साथ जोड़कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि कर्मचारी एनएचपीसी बनने से पहले ऊर्जा मंत्रालय (भारत सरकार) की परियोजनाओं में सेवाएं दे रहे थे तथा वर्तमान समय में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में उन्हें केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर पेंशन दी जाए। निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारों के एक सदस्य को उसकी योग्यता के अनुसार निगम में नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। अधिकांश सेवानिवृत्त कर्मचारी जिला चंबा संबंधित हैं। इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाएं भी दी जाएं। इस मौके पर कर्म ¨सह, सुभाष चंद, मनसा राम, अमर चंद, वेददत्त शर्मा, कमल कुमार, डीएस, अमरनाथ समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।