रेहड़ी सबलेटिंग करने पर 10 संचालक तलब
नगर परिषद चंबा ने शुक्रवार को चंबा में रेहड़ी-फड़ी धारकों पर शिकंजा कसा।
संवाद सहयोगी, चंबा : नगर परिषद चंबा की टीम ने शुक्रवार को शहर में लगाई गई रेहड़ी-फड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान चंबा में 10 रेहड़ी-फड़ी संचालकों को खुद रेहड़ी न लगाने पर तलब किया गया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ रेहड़ी-फड़ी पर दूसरे लोग कार्य कर रहे थे, जबकि संचालक खुद गायब थे। जिन रेहड़ी-फड़ी परमिट धारकों ने रेहड़ी आगे सबले¨टग कर रखी है उन्हें चिह्नित करके उनके परमिट रद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शुक्रवार से इस संबंध में कवायद शुरू की गई है। जांच में पाया जाता है कि यदि किसी परमिट धारक ने अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को रेहड़ी-फड़ी के कार्य के लिए रखा है तो उसका लाइसेंस रद किया जाएगा।
नगर परिषद के मुताबिक अगर परमिट धारक खुद कार्य नहीं करता है तो इससे साबित होता है कि वह स्वयं आर्थिक तौर पर स्वावलंबी बन चुका है। ऐसे में उसे अब रेहड़ी-फड़ी की जरूरत नहीं है। इसलिए उसका परमिट रद किया जाना चाहिए, ताकि उसकी जगह अन्य पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को परमिट जारी किया जा सके। नगर परिषद की इस कार्रवाई से कुछ रेहड़ी संचालक मौके पर पहुंचे। इनसे नगर परिषद के अधिकारियों ने पूछताछ की। टीम ने जिले में नगर परिषद द्वारा दुकानदारों से लंबित किराया वसूली के काम की प्रगति का भी ब्योरा लिया। शुक्रवार को नगर परिषद की टीम ने 10 रेहड़ी-फड़ी संचालकों की लिस्ट तैयार की, जहां पर अन्य लोग काम कर रहे हैं। इन सभी को चेतावनी देकर नगर परिषद कार्यालय में तलब किया गया है। नगर परिषद ने 10 रेहड़ी-फड़ी संचालकों की लिस्ट तैयार की है। जहां पर दूसरे लोग काम कर रहे थे, जबकि संचालक खुद गायब थे। इस बारे में कार्रवाई की जाएगी, ताकि उनके लाइसेंस रद किए जा सकें।
नीलम नैय्यर, नगर परिषद अध्यक्ष चंबा।