चुराह की जनता से किए सभी वादों को किया पूरा
विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र चुराह की समस्याओं को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
मिथुन ठाकुर, चंबा
विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज का कहना है कि विधानसभा क्षेत्र चुराह की समस्याओं को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। मेरा लक्ष्य है कि यहां पर लोगों को पेश आने वाली समस्याओं का समाधान जल्द करवाया जाए। चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को लगभग पूरा कर लिया गया है। जनता के बीच रहकर जनता की समस्याओं को जान रहा हूं। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया जाता है। विधानसभा क्षेत्र में सभी स्थानों पर समान विकास करवाना प्राथमिकता है। दैनिक जागरण ने चुराह हलके के विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज से एक साल के कार्यकाल को लेकर बातचीत की। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश। क्या आप एक साल के कार्यकाल से संतुष्ट हैं?
जनता के लिए अब तक किए कार्यो से संतुष्ट हूं। जब आप अपने कार्यो को पूरी ईमानदारी के साथ करते हैं तो यह काफी संतुष्टि प्रदान करता है। भविष्य में भी विकास कार्यो को तेजी के साथ करवाने का प्रयास रहेगा। जो वादे किए थे, कितने पूरे हुए?
चुराह में विकास कार्यो को तेज करने का कार्य किया है। सभी वादे पूरे किए गए हैं। सब जज कोर्ट तीसा लाया है। लोक निर्माण विभाग मंडल, आइटीआइ के अलावा 22 कार्यो का शिलान्यास किया गया। इनमें से 14 विकास कार्यो का काम शुरू हो गया है। कोई बड़ी योजना जो मंजूर करवाई?
चुराह विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यो को लेकर करीब डेढ़ सौ करोड़ का बजट लाया गया है। सड़क, स्वास्थ्य तथा शिक्षा सहित अन्य विकास कार्यो पर बजट खर्च किया जाएगा। मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है। आम जनता से कब मिलते हैं?
एक साल में तीसा की सभी पंचायतों का दौरा कर चुका हूं। घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका निवारण करवाया गया है। इसके अलावा 90 फीसद स्कूलों का दौरा भी अब तक कर चुका हूं। मैं अधिकतर जनता के बीच ही रहता हूं। विधानसभा में क्षेत्र के कितने मुद्दे उठाए?
सभी मुद्दे प्राथमिकता के आधार पर उठाए हैं। इनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, आइटीआइ सहित हर छोटे-बड़े मुद्दे शामिल हैं।
खुद को 10 में से कितने नंबर देंगे?
मैं स्वयं को दस में से दस नंबर दूंगा। आज दिन तक लोगों के कार्यो को प्रमुखता के साथ पूरा करवाया है।