विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के 2 श्रद्धालुओं की हादसे में मौत, सड़क से 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 13 Sep 2026 11:15 AM (IST)

मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के दो श्रद्धालुओं की चंबा में सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार ...और पढ़ें

चंबा-भरमौर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक।

चंबा-भरमौर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक।

HighLights

  1. मणिमहेश यात्रा पर जा रहे दो पंजाबियों की मौत।

  2. चंबा में बाइक 200 मीटर गहरी खाई में गिरी।

  3. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू की, शव सौंपे जाएंगे।

संवाद सहयोगी, मैहला (चंबा)। मणिमहेश यात्रा पर जा रहे पंजाब के दो श्रद्धालु हादसे का शिकार हो गए। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली और गैहरा के बीच स्थित बैलोगी के समीप दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट (पंजाब) तथा अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। 

200 मीटर गहरी खाई में गिरे

हादसा रात को बाद पेश आया, जब दोनों युवक पीबी-35यू-2347 नंबर की बाइक पर पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे दुनाली और गैहरा के बीच बैलोगी के पास तीखे मोड़ पर पहुंचे, बाइक अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से जा टकराई, इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे, जबकि बाइक ऊपर ही फंसी रही।

दोनों ने मौके पर दम तोड़ा

हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस चौकी गैहरा को सूचित किया। 

कड़ी मशक्कत से बाहर निकाले युवा

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से गहरी खाई में कठिन रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रात के अंधेरे और दुर्गम ढलान के बीच कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों को खाई से बाहर निकाला गया। 

चंबा अस्पताल पहुंचाए दोनों

एंबुलेंस के माध्यम से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मणिमहेश यात्रा पर आ रहे सभी श्रद्धालुओं से पुरजोर अपील की है कि वे पहाड़ी और घुमावदार सड़कों पर गति सीमा का ध्यान रखें, रात के समय सफर करने से बचें और पूरी सतर्कता के साथ वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।
-विजय कुमार सकलानी, एसपी, चंबा।

यह भी पढ़ें: मंडी में 6 और 9 साल के भाई-बहन की सांप के डसने से मौत, माता-पिता सोये थे जमीन पर; बच्चे थे बेड पर