कपाहड़ा में स्टोव फटने से झुलसी महिला, टांडा रेफर
कपाहड़ा में रसोई घर में खाना बना रही महिला स्टोव के फटने से झुलस गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया है।
संवाद सहयोगी, चंबा : शहर के साथ लगती ग्राम पंचायत कपाहड़ा में स्टोव फटने से एक महिला झुलस गई। महिला को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर कर दिया गया। शीतल पत्नी बबलू निवासी कोलका पंचायत कपाहड़ा रसोईघर में खाना बना रही थी। इस दौरान स्टोव फट गया। स्टोव फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग व परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तथा महिला को बचाया। इस दौरान आग बुझाते समय परिवार के कुछ सदस्यों के हाथ भी जल गए। महिला को मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रेफर कर दिया गया है।
चंबा थाना की पुलिस ने मौके पर महिला के बयान दर्ज किए। महिला के हाथ, पैर व मुंह का कुछ हिस्सा झुलस गया है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि महिला की हालत में सुधार न होने पर उसे टांडा रेफर कर दिया गया है।