कर्मचारियों की मांगें जल्द पूरा करे सरकार : पठानिया
संवाद सहयोगी चुवाड़ी विकास खंड भटियात में जिला परिषद काडर के अधिकारियों व कर्मचारियों
संवाद सहयोगी, चुवाड़ी : विकास खंड भटियात में जिला परिषद काडर के अधिकारियों व कर्मचारियों की अनिश्चितकाल कलम छोड़ो हड़ताल छठे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को उनके समर्थन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक भटियात कुलदीप सिंह पठानिया भी उतर आए। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इन अधिकारियों व कर्मचारियों की मांगें बिल्कुल सही हैं। जो कर्मचारी पिछले 22 वर्ष से सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं, उन्हीं कर्मचारियों की मांगें मानने से इनकार कर देना दुर्भाग्यपूर्ण है। इनकी मांगें जल्द पूरी की जाएं। अगर भाजपा सरकार इनकी मांगें पूरी नहीं करती है प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में लौटते ही इन कर्मचारियों को राहत देंगे। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राम सिंह चंबियाल, उपाध्यक्ष कृष्ण चंद चेला, युकां अध्यक्ष संदीप जसरोटिया, उपप्रधान महासंघ के अध्यक्ष जैसी राम, प्रधान संघ की उपाध्यक्ष शालू देवी, प्रधान बीना देवी, प्रधान सुरेंद्र सिंह, प्रधान विजय सिंह, प्रधान जोगिदर सिंह व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।