Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानिये क्यों खतरे में हैं हिमाचल का मिनी स्विट्जरलैंड खजियार

    By BabitaEdited By:
    Updated: Sat, 02 Feb 2019 10:34 AM (IST)

    World lake day हिमाचल का मिनी स्विट्जरलैंड खजियार उपेक्षा का दंश झेल रहा है खजियार की झील में लगातार बढ़ रही गाद से इसके अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया है।

    जानिये क्यों खतरे में हैं हिमाचल का मिनी स्विट्जरलैंड खजियार

    चंबा, जेएनएन। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन नगरी खजियार उपेक्षा का दंश झेल रही है। पर्यटकों को आकर्षित करने वाली झील अनदेखी का शिकार होकर रह गई है। इसे संवारने के प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए हैं और गाद इस झील को धीरे-धीरे निगलने लगी है। झील में लगातार बढ़ रही गाद से इसके अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया है। इससे इसका आकार सिकुड़ता जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गाद की समस्या से निजात दिलाने के लिए कागजों में नेशनल वेटलैंड एक्शन प्लान का छह करोड़ रुपये का बजट है। लेकिन झील के हिस्से कोई कारगर उपाय नहीं आया। विशेषज्ञ टीम भी यहां आई, लेकिन कोई लाभ फायदा नहीं हुआ। यह प्राकृतिक झील सिल्ट व गाद से भरती जा रही है। इसकी सुंदरता पर भी ग्रहण लग रहा है। 300 मीटर का दायरा फूल व घास उगने से दलदल में तबदील हो रहा है। सुस्ती व उदासीनता ऐसी है कि प्राकृतिक खजियार झील की सुध नहीं ली जा रही है। साल दर साल गाद बढ़ने से इसका क्षेत्र दलदल में तबदील हो रहा है।

    समर सीजन में हालत और भी खराब हो जाती है। हर वर्ष यहां दो लाख से अधिक पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन इनके लिए सुविधाओं के नाम पर कुछ खास नहीं है। खजियार का सबसे बड़ा आकर्षक झील ही है। इसका अस्तित्व गाद, गंदे पानी और उसके प्राकृतिक स्वरूप से हुई छेड़छाड़ से अब खतरे में है। यदि समय रहते सरकार की नींद नहीं खुलती है तो वह दिन दूर नहीं जब इस झील का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।

    दुनिया के खूबसूरत स्थलों में से एक

    सात जुलाई, 1992 को स्विट्जरलैंड के तत्कालीन वाइस काउंसलर विली टी ब्लेजर ने खजियार को मिनी स्विट्जरलैंड के खिताब से नवाजा था। स्विस अधिकारी स्विस संसद में लगाने के लिए खजियार से एक पत्थर ले गए थे, ताकि मिनी स्विट्जरलैंड को स्मरण किया जा सके। दुनियाभर के 160 बेहद सुंदर स्थानों को यह खिताब हासिल है। खजियार डलहौजी और चंबा के बीच 1,920 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। देवदारों के गोलाकार दायरे में मखमली घास में स्थित यह झील यहां का मुख्य आकर्षण है। स्विस राष्ट्रीय पर्यटक कार्यालय की ओर से जारी प्रदर्शित एक साइन बोर्ड इसका प्रमाणपत्र है, जिसमें खजियार को हिमाचल के मिनी स्विट्जरलैंड के रूप में घोषित किया गया है। यहां पर बॉलीवुड फिल्मों वजूद, गदर-एक प्रेम कथा, हिमालय पुत्र और लुटेरा की शूटिंग भी हो चुकी है।