संवाद सहयोगी, चंबा। Himachal Pradesh News: एक माह से गायब साहो के कीड़ी निवासी युवती का शव एक माह बाद शनिवार को चमेरा जलाशय से बरामद हुआ है। शव की पहचान 22 वर्षीय काजल पुत्री देवराज निवासी गांव कीड़ी तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है।
पुलिस ने लोगों के सहयोग से शव को चमेरा जलाशय से निकालने के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा लाया, जहां पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद स्वजन के हवाले कर दिया है। यह युवती मुख्यालय के साथ लगते घोल्टी में एक घर में काम करती थी लेकिन एक माह से गायब थी। एक माह पहले सुबह के समय कुछ लोगों ने नवोदय स्कूल के नजदीक से एक लड़की को रावी में छलांग लगाते हुए देखा था।
रावी में चलाया गया सर्च अभियान
उसके बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के सहयोग से लड़की को ढूंढने के लिए रावी में सर्च अभियान चलाया। प्रशासन व स्थानीय लोगों की ओर से अपने स्तर पर रावी का चप्पा-चप्पा छाना गया, लेकिन कहीं भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।
उसके बाद ड्रोन की मदद लेने के साथ सुंदरनगर से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने भी पानी में डुबकी लगा कर लड़की को ढूंढने का भरसक प्रयास किया था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था।
शनिवार सुबह के समय तलेरू के लोग वहां से गुजर रहे थे, तो उन्होंने पानी में शव देखा। उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को रावी से बाहर निकाला। खबर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने की है।
यह भी पढ़ें- Himachal News: नामांकन के बाद होगी BJP विद्रोहियों की घर वापसी, हाईकमान पर टिकी नजरें; विधानसभा चुनाव में लगा था झटका