पांगी से हुई मात्र एक उड़ान, मरीजों व बच्चों को नहीं राहत
जिला चंबा में शनिवार को भले ही मौसम साफ बना रहा। लेकिन, पांगी घाटी के लोगों की दिक्कतें कम नहीं हुई।
संवाद सहयोगी, पांगी : जिला चंबा में शनिवार को भले ही मौसम साफ रहा लेकिन पांगी घाटी के लोगों की दिक्कतें कम नहीं हो पाई। शनिवार को भुंतर से किलाड़, किलाड़ से भुंतर तथा किलाड़ से चंबा सहित चंबा से किलाड़ के लिए होने वाली उड़ान की आम लोगों सहित छात्रों तथा मरीजों को उम्मीद थी। लेकिन महज एक उड़ान होने से कुछ लोगों को ही राहत मिल पाई जबकि घाटी में फंसे अन्य लोगों की अभी भी दिक्कतें बरकरार हैं।
शनिवार को मौसम साफ रहने के चलते भुंतर से किलाड़ के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान हुई। इसमें 19 यात्री पांगी घाटी पहुंचे। इसके बाद किलाड़ से चंबा के लिए हेलीकॉप्टर उड़ान हुई। इसमें भी करीब 19 यात्री चंबा पहुंचे। राहत की बात यह रही कि चंबा पहुंचने वाले यात्रियों में छह मरीज भी शामिल रहे। इसके बाद पांगी मुख्यालय किलाड़ तथा भुंतर के लिए कोई भी उड़ान नहीं हो पाई, जिस कारण हेलीपैड पर पहुंचे अन्य यात्रियों को निराशा ही हाथ लगी। यहां से छह मरीजों को भुंतर जाना था। इसके अलावा करीब 20 छात्र-छात्राएं भी घाटी में फंसे हुए हैं। उड़ान के इंतजार में एक महिला को हेलीपैड में चक्कर आ गया, जिस कारण वह जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद लोगों द्वारा उसे अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को फिर से मौसम खराब होने का अनुमान है। ऐसे में यदि आगामी दिनों में मौसम अपने तेवर कड़े करता है तो घाटी में फंसे लोगों को वहां से निकलने में काफी समय लग सकता है। पांगी के लिए उड़ानें करवाने के लिए प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को हुई उड़ान से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है। आगामी दिनों में मौसम साफ बना रहता है तो टिकट बु¨कग करवाने वाले यात्रियों को चंबा तथा भुंतर पहुंचाया जाएगा।
चमन लाल, आरसी पांगी।