विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डलहौजी में आठ करोड़ से निर्मित होंगी पेयजल व सिंचाई योजनाएं

By JagranEdited By:
Published: Sun, 10 Jul 2022 06:37 PM (IST)

विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के तहत करीब आठ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली एक निरीक्षण कुटीर और पांच पेयजल ...और पढ़ें

डलहौजी में आठ करोड़ से निर्मित होंगी पेयजल व सिंचाई योजनाएं
डलहौजी में आठ करोड़ से निर्मित होंगी पेयजल व सिंचाई योजनाएं

संवाद सहयोगी, डलहौजी : विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के तहत करीब आठ करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली एक निरीक्षण कुटीर और पांच पेयजल एवं सिचाई योजनाओं का जलशक्ति मंत्री महेंद्र ठाकुर ने रविवार को शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मल निकासी की योजना से लाभान्वित करने की स्वीकृति प्रदान की। महेंद्र ठाकुर ने कहा कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में साढ़े चार साल के कार्यकाल में विभिन्न पेयजल व सिचाई योजनाओं पर करीब 300 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। डलहौजी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के दृष्टिगत यहां 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

डलहौजी शहर का सुधार एवं विस्तार कार्य के लिए 65 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र के साथ लगती बनीखेत, पुखरी व ढलोग ग्राम पंचायतों को भी सीवरेज की सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बनीखेत के पद्दर नाले के तटीकरण के लिए बाढ़ नियंत्रण योजना के तहत 25 लाख की धनराशि देने की भी घोषणा की। मंत्री ने मुख्य अभियंता जलशक्ति विभाग धर्मशाला जोन को बनीखेत में निर्मित होने वाले निरीक्षण कुटीर में दो अतिरिक्त कमरों के साथ एक सम्मेलन कक्ष का प्रविधान करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचेतक विक्रम जरयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के तहत प्राथमिकता के आधार पर पूरे प्रदेश में कार्य किए जा रहे हैं। इससे पहले जिला कृषि उपज मंडी समिति के अध्यक्ष डीएस ठाकुर ने जलशक्ति मंत्री का स्वागत किया। क्षेत्र में चल रहे विकासात्मक कार्यों ब्योरा दिया। मंत्री को भलेई माता का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।

इसके उपरांत मंत्री ने चौहड़ा में निर्माणाधीन पेयजल योजना डलहौजी व एनडीबी के तहत डलहौजी और भटियात की 19 पंचायतों की विभिन्न पेयजल योजनाओं के लिए निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्माण कार्य में गति प्रदान करने के निर्देश दिए। मंत्री ने भलेई माता मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता जलशक्ति विभाग जोन धर्मशाला एसके कनोतरा, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग रणजीत चौधरी, उपनिदेशक उद्यान राजीव चंद्रा, एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग डलहौजी राकेश ठाकुर, डीएफओ कमल भारती, एक्सईएन बिजली बोर्ड राजीव महाजन, प्रधान ग्राम पंचायत बनीखेत अनु राणा व भाजपा के जोन अध्यक्ष सतीश टंडन, नप डलहौजी के उपाधयक्ष संजीव पठानिया, पार्षद बंदना देवी, सौरभ मेहरा, अजय कुमार, तिलक शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

-------

इन योजनाओं का किया शिलान्यास

मंत्री ने जलशक्ति मंडल डलहौजी के अंतर्गत लगभग दो करोड़ की लागत की निरीक्षण कुटीर भवन बनीखेत का निर्माण कार्य, करीब दो करोड़ की लागत से पर्वत धारा योजना के अंतर्गत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार व जल संरक्षण कार्य और 70 लाख की लागत से निर्मित होने वाली बहाव सिचाई योजना गोली जोकना के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त जलशक्ति मंडल सलूणी के अंतर्गत 63.11 लाख की लागत से ग्राम पंचायत बाडका व सेरी की विभिन्न पेयजल योजनाओं का संवर्धन एवं पुन: निर्माण, 88. 65 लाख की लागत से ग्राम पंचायत भांदल की विभिन्न पेयजल योजनाओं का संवर्धन एवं पुनर्निर्माण, 177.85 लाख से निर्मित होने वाली ग्राम पंचायत सनूह की विभिन्न पेयजल योजनाओं का संवर्धन एवं पुनर्निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।