'मेरा खिन्नू बड़ा उस्ताद' गीत पर झूमे दर्शक
चंबा के ऐतिहासिक चौगान में चंबा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या वायस ऑफ हिमालय विजेता सोनम चौधरी के नाम रही।
जागरण संवाददाता, चंबा : चंबा के ऐतिहासिक चौगान में चंबा उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या वायस ऑफ हिमालय विजेता सोनम चौधरी के नाम रही। उन्होंने 'मेरा खिन्नू बड़ा उस्ताद हो' गीत पर दर्शकों को खूब नचाया। इसके अलावा उन्होंने मेरा भोला है भंडारी सहित अन्य पंजाबी व हिदी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में चंबा के विधायक पवन नैयर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उनके साथ जनसाली वार्ड की पार्षद सीमा कश्यप व कसाकड़ा वार्ड के पार्षद वार्ष सहित हटनाला वार्ड के पार्षद धीरज बडियाल भी मौजूद रहे, जिन्हें आयोजकों की ओर से शॉल, टोपी व स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम में काकू राम ठाकुर ने भी दर्शकों को खूब नचाया। उन्होंने 'तेरे इश्द का गिद्दा पैंदा', 'अज छतराड़ी हो' सहित कई हिमाचली व पहाड़ी गीत पेश किए। उनकी प्रस्तुति की मुख्यातिथि सहित अन्य दर्शकों ने प्रशंसा भी की। इसके अलावा चंबा के कलाकार नितिश राजपूत ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने हिदी व पंजाबी गीतों से दर्शकों का मन बहलाया। इसके अलावा कई स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
छह साल से हो रहा आयोजन
पहली सांस्कृतिक संध्या में मिस व मिस्टर कार्निवाल का राउंड हुआ। इसमें प्रतिभागियों ने हिमाचली वेशभूषा पहनकर रैंप पर कैट वॉक किया। चंबा उत्सव के आयोजक सुरजीत ठाकुर ने बताया कि पिछले छह साल से इस उत्सव का आयोजन हो रहा है। इस उत्सव के जरिए चंबा के कलाकारों को अपनी प्रतिभा को निखारने का मंच प्रदान किया जा रहा है।