506 ग्राम चरस सहित दो लोग गिरफ्तार
चंबा-तीसा मार्ग पर जसौरगढ़ जीरो प्वाइंट के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को चरस सहित गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, चंबा : चंबा-तीसा मार्ग पर जसौरगढ़ जीरो प्वाइंट के समीप नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो युवकों से चरस पकड़ी है। हालांकि, इस दौरान एक आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस थाना तीसा की टीम ने शुक्रवार सुबह जसौरगढ़ जीरो प्वाइंट के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान सामने से विकास कुमार निवासी सेवान तहसील शाहपुर (कांगड़ा) और विवेक शर्मा निवासी धरमान डाकघर पुढ़वा तहसील पालमपुर (कांगड़ा) की बाइक को रोका। इससे दोनों युवक घबरा गए। पुलिस ने तलाशी ली तो बैग से 506 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस अभी मौके पर कार्रवाई को अंजाम दे रही थी कि आरोपित विकास फरार हो गया। इस पर पुलिस ने सभी थानों व चौकियों को इसकी सूचना दी। दोपहर बाद आरोपित को चंबा-खजियार मार्ग पर गेट से गिरफ्तार कर लिया। एसपी डॉ. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।