चंबा के सुल्तानपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़
जिला पुलिस ने चंबा के सुल्तानपुर में रणनीति के तहत घर में दबिश देकर मामले का खुलासा किया है।
चंबा, जेएनएन। जिला पुलिस ने चंबा के सुल्तानपुर में एक मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। सास और बहू अपने घर से ही सेक्स रैकेट चला रही थीं। पुलिस थाना सदर की टीम ने रणनीति के तहत घर में दबिश देकर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री व शराब सहित तीन लड़कियों को पकड़ा है।
बहरहाल पुलिस ने आरोपित सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला सदर थाना चंबा में दर्ज किया गया है। चंबा पुलिस को सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर के एक मोहल्ले में सास-बहू अपने घर से देह व्यापार का धंधा चला रही हैं। पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और स्थानीय पंचायत व महिला मंडल की प्रधान को भी मामले में गवाह के तौर पर शामिल किया।
पुलिस ने कांस्टेबल को ग्राहक बनाकर आरोपितों के घर भेजा और पांच-पांच सौ के चार नोट भी उसे दिए गए। पुलिस ने इन नोटों के सीरियल नंबर नोट कर लिए थे। रणनीति के तहत कांस्टेबल ने सास व बहू के साथ बातचीत की और बाद में उसे कमरे में ले जाकर एक लड़की दिखाई गई। ग्राहक बने कांस्टेबल ने पांच-पांच सौ के नोट महिला को थमा दिए। महिला ने एक नोट अपने पास रखकर शेष लड़की को दे दिए। इसी बीच पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही मकान में दबिश देकर सभी को पकड़ लिया। पुलिस ने सास व बहू सहित घर से तीन और लड़कियां पकड़ी।
सूत्रों का कहना है कि सास और बहू दलाल बनकर सेक्स रैकेट चला रही थीं। पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के आधार पर सास-बहू को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन लड़कियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी डॉ. मोनिका का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि यह दोनों महिलाएं अपने घर से देह व्यापार का धंधा चला रही हैं। पुलिस हर पहलू की छानबीन कर रही है।