सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांगी की ओर से प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ रैली निकाली गई।
संवाद सहयोगी, पांगी : ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांगी की ओर से प्रदेश व केंद्र सरकार के खिलाफ रैली निकाली गई। रैली के दौरान प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके उपरांत आवासीय आयुक्त पांगी के माध्यम से राज्यपाल को एक ज्ञापन प्रेषित किया गया।
इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की जीडीपी 7.5 फीसद के घटकर मात्र पांच फीसद ही रह गई है। इसका एकमात्र कारण नोटबंदी तथा जीएसटी है। आजकल महंगाई आसमान छू रही है, जिसका सरकार के पास कोई नियंत्रण नहीं है। इसका ताजा उदाहरण प्याज के दाम हैं जो कि 70 से 80 रुपये प्रति किलो हो चुके हैं। अनायास नोटबंदी के कारण लगभग डेढ़ करोड़ लोग विशेषकर छोटे व्यापारी बेकार हो गए तथा इसका प्रभाव जीडीपी पर भी पड़ा। इसी कारण देश में आर्थिक मंदी आ गई। केंद्र सरकार ने दो करोड़ रोजगार का वादा किया था, लेकिन बेरोजगारी बढ़ती गई। इसके अलावा उन्होंने कहा कि देश में आज भ्रष्टाचार का बोलबाला है। किसी भी कार्यालय में आम आदमी का काम बिल्कुल नहीं होता है और कार्य संस्कृति लगभग समाप्त हो चुकी है। वर्ष 2017 में सरकार द्वारा इमारती लकड़ी का डिपो खोलने के आदेश जारी कर दिए गए थे, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिस कारण जनता परेशान है। पांगी मुख्यालय किलाड़ में मल निकासी योजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा वर्ष 2008 में किया गया था। लेकिन, आज दिन तक कार्य शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा अन्य समस्याओं पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा।