यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कंपनी प्रबंधन ने लोगों पर काम रोकने का दर्ज करवाया मामला
उपमंडल तीसा के चांजू क्षेत्र में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना का काम सोमवा

संवाद सहयोगी, तीसा : उपमंडल तीसा के चांजू क्षेत्र में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना का काम सोमवार को भी बंद रहा। दूसरे दिन कोई भी मजदूर काम के लिए साइट पर नहीं पहुंचा। वहीं, कंपनी प्रबंधन पर काम रोकने के आरोप में कुछ लोगों पर पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
ग्राम पंचायत देहरा की प्रधान गणेशु देवी, उपप्रधान सोभिया राम, चांजू प्रधान टेकी देवी और उपप्रधान योग राज ने कहा कि जब तक ग्रामीणों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक परियोजना का कार्य आरंभ नहीं होने दिया जाएगा। रविवार को चांजू और देहरा पंचायत के ग्रामीणों ने परियोजना का कार्य बंद करवा दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त दोनों पंचायतों के ग्रामीणों को कंपनी द्वारा रोजगार नहीं दिया जा रहा है। इससे पूर्व भी वे कंपनी के अधिकारियों से मिल चुके हैं जिस पर उन्हें जल्द रोजगार दिए जाने का आश्वासन मिला था, लेकिन रोजगार नहीं दिया गया। इसके चलते उन्होंने कंपनी का काम बंद करवाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आज दिन तक कंपनी द्वारा मात्र 30 से 40 लोगों को ही रोजगार उपलब्ध करवाया गया है, जबकि अन्य सभी रोजगार पाने के लिए तरस कर रहे हैं। बहरहाल मांगें पूरी न होने पर ग्रामीणों ने सोमवार को भी परियोजना का काम आरंभ नहीं होने दिया।
उधर, परियोजना का काम बंद करवाने पर कंपनी प्रबंधन ने पुलिस थाना तीसा में कुछ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है। एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि जल विद्युत परियोजना के प्रबंधक प्रियांक मित्तल ने नोदर राम निवासी घोल्टी सरोल, चैन लाल पुत्र भगत राम निवासी कुंडा और तारा चंद पुत्र देवी लाल आदि के खिलाफ कंपनी का कार्य बंद करवाने का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 147 व 149 के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।