जरंगला में भूस्खलन, चंबा-भरमौर एनएच आधा घंटा बंद रहा
चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरंगला के समीप वीरवार सुबह भारी भूस्खलन हो गया जिस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
संवाद सहयोगी, चंबा : चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरंगला के समीप वीरवार सुबह भारी भूस्खलन हो गया, जिस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। यातायात बाधित होने के कारण वाहन चालकों तथा सवारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद मलबा हटाकर मार्ग को बहाल किया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वीरवार सुबह करीब नौ बजे जरंगला गांव के समीप अचानक पहाड़ी दरकी और भारी भरकम मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पर यातायात बंद हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। लोगों ने तुरंत विभाग को सूचना दी। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मशीनरी सहित मौके पर पहुंचे और मार्ग बहाल करने क कार्य आरंभ किया। करीब साढ़े नौ बजे मार्ग को बहाल किया गया।
शुक्रवार को मणिमहेश छोटा न्हौण होने के चलते वीरवार अल सुबह से ही मार्ग पर वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन बार-बार बंद हो रहा मार्ग मणिमहेश यात्रियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। चंबा-भरमौर एनएच पर बार-बार हो रहे भूस्खलन के चलते यात्रा के दौरान मार्ग को 24 घंटे बहाल रखना विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
----------
वीरवार सुबह चंबा-भरमौर एनएच पर जरंगला के समीप भूस्खलन हो गया था, जिस कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हुई थी। मार्ग को आधे घंटे में बहाल करवा दिया था।
-राजेंद्र शेखरी, अधिशाषी अभियंता एनएच चंबा।