Move to Jagran APP

Chamba News: छह दिन से बंद पड़ा चंबा-होली मार्ग, लगातार भूस्खलन के बीच अब ब्लास्ट कर गिराया जाएगा पहाड़

हिमाचल प्रदेश में चंबा-होली मार्ग (Himachal News) पर पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच प्रशासन इसे ब्लास्टिंग के जरिए गिराने के बारे में विचार कर रहा है। पानी की बौछारों के साथ इसे गिराने की काफी कोशिश की जा रही हैं। भूस्खलन होने की वजह से यहां आवाजाही पूरी तरह से ठप है। लोगों को दूध-सब्जी इत्यादी के लिए तरसना पड़ रहा है।

By mithun thakur Edited By: Gurpreet Cheema Published: Mon, 22 Apr 2024 08:22 PM (IST)Updated: Mon, 22 Apr 2024 08:22 PM (IST)
चंबा-होली मार्ग पर पहाड़ी को ब्लास्टिंग कर गिराया जाएगा

संवाद सहयोगी, होली। जिला चंबा के होली क्षेत्र के लिए खड़ामुख के समीप परेशानी का सबब बन चुकी पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन वाले स्थान को अब ब्लास्टिंग करके गिराया जाएगा। पहाड़ी के जिस ऊपरी हिस्से से लगातार भूस्खलन हो रहा है। ब्लास्टिंग करने के लिए प्लान तैयार किया गया है। क्योंकि, उक्त हिस्से से लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में मार्ग से चट्टानों व मलबे को हटाने का कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।

loksabha election banner

पानी की बौछारों से इस स्थान को गिराने का ट्रायल भी किया गया था। लेकिन, यह ट्रायल भी सफल नहीं हो पाया था। वहीं, काम कर रहे जेसीबी आपरेटरों के लिए भी खतरा बना हुआ है। सोमवार को भी मशीनरी के माध्यम से आपरेटरों ने काम करने के लिए कदम बढ़ाया ही था कि पहाड़ी की ओर से भारी-भरकम चट्टानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। यह लगातार चलता रहा।

पहाड़ी से चट्टानें लुढ़कते हुए निचली तरफ रावी नदी में समा रही थीं। ऐसे में सोमवार को भी मार्ग को बहाल करने का कार्य लगातार प्रभावित हुआ। ऐसे में पांच दिनों से होली क्षेत्र की करीब 32 हजार की आबादी की दिक्कतें बढ़ी हुई हैं। वर्तमान समय में आलम यह है कि होली क्षेत्र के लोगों को चंबा व अन्य स्थानों पर जाने के लिए पहले करीब 18 किलोमीटर का सफर टैक्सियों या निजी वाहनों में अधिक किराया खर्च कर करना पड़ रहा है।

वहीं, खड़ामुख में जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है। वहां से करीब एक किलोमीटर पहाड़ी पर चढ़कर दूसरे छोर पर पहुंचना पड़ रहा है। यह एक पगडंडी है, जिसमें काफी जोखिम भी है। यदि इसी तरह से पहाड़ी से लगातार चट्टानें गिरने का सिलसिला जारी रहता है तो मार्ग को बहाल होने में और समय लग सकता है।

बीते सप्ताह हुआ था भारी भूस्खलन

चंबा-खड़ामुख-होली मार्ग पर बीते सप्ताह मंगलवार रात को खड़ामुख के समीप भारी भूस्खलन हो गया था। इस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद पड़ गई थी। हालांकि, बुधवार को मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी पहुंच गई थी। इस दौरान मार्ग को बहाल करने का कार्य भी शुरू किया गया था। लेकिन, लगातार हो रहे भारी भूस्खलन व चट्टानों के गिरने के कारण मार्ग को जल्द बहाल करने का कार्य नहीं हो पाया। आलम यह है कि मार्ग के बहाल होने के कारण आवाजाही बुरी तरह से प्रभावित हुई है।

दूध-सब्जी के लिए तरसे लोग

चंबा-खड़ामुख-होली मार्ग के बंद पड़ जाने के कारण होली क्षेत्र में दैनिक जरूरी चीजें खत्म हो चुकी हैं। दूध, अंडा, ब्रेड तथा सब्जी सहित अन्य दैनिक जरूरतों की चीजें खत्म हो जाने के कारण लोगों को भटकना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि थाली से सब्जियों सहित उक्त जरूरी चीजें गायब हो चुकी हैं। अब उन्हें महज दाल, चपाती व चावल खाने को ही मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मार्ग बहाल नहीं होता है तो यह समस्या और भी गंभीर रूप धारण कर लेगी।

चंबा-होली मार्ग को बहाल करने के लिए लगातार कार्य करवाया जा रहा है। लेकिन, पहाड़ी से लगातार हो रहा भूस्खलन मार्ग को बहाल करने में लगातार दिक्कतें पैदा कर रहा है। भूस्खलन वाले स्थान पर ब्लास्टिंग के माध्यम से समस्या का हल करवाने का प्रयास किया जाएगा। यदि भूस्खलन थम जाता है तो मार्ग को बहाल करने में अधिक समय नहीं लगेगा।

भान चंद ठाकुर, सहायक अभियंता लोनिवि गरोला।

निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्ट परेशान

होली क्षेत्र में निर्माणाधीन कुठेड़ हाइड्रो व बीबी हाइड्रो प्रोजेक्ट का निर्माण करवा रही कंपनियों की मुश्किलें भी काफी बढ़ चुकी हैं। पेट्रोल, डीजल से लेकर सीमेंट, सरिया, रेत, बजरी सहित अन्य सामग्री भी नहीं पहुंच पाने के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे कंपनियों को हर दिन लाखों का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

चंबा-खड़ामुख-होली मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग व कंपनी को निर्देश दिए गए हैं। उक्त स्थान पर लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण यह समस्या पेश आ रही है। विभाग व कंपनी को निर्देश गए हैं कि तकनीक का इस्तेमाल पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन को रोकने के साथ ही मार्ग को बहाल किया जाए।

डॉ. जनक राज, विधायक भरमौर।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.