चंबा-तीसा मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक की मौके पर मौत व दूसरे की हालत गंभीर
Tisa chamba Road accident चंबा-तीसा मार्ग पर कल्हेल के समीप एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
चंबा, जेएनएन। चंबा-तीसा मार्ग पर कल्हेल के समीप एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लाया गया है। हादसे का शिकार हुए मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कार एचपी 73 - 5742 रविवार रात को दुर्घटनाग्रस्त हुई है, लेकिन इसकी जानकारी सुबह लोगों को मिली। बताया जा रहा है कल्हेल के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सुबह आसपास के लोगों ने नाले में पड़ी एक कार देखी। वहां जाकर उन्होंने देखा कि कार में सवार गुड्डू राम निवासी द्रबला पंचायत कल्हेल की मौत हो चुकी है तथा पूर्व बीडीसी सदस्य नारायण सिंह निवासी कल्हेल गंभीर रूप से घायल है।
लोगों ने पुलिस को सूचित कर बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा घायल को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा भिजवाया। रात को हुए इस हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएचओ तीसा सन्नी गुलेरिया ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।