चंबा कॉलेज में भिड़े एसएफआइ व एबीवीपी कार्यकर्ता
चंबा कॉलेज में शुक्रवार को एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान पुलिस को मामला शांत करवाना पड़ा।
- एसएफआइ ने एबीवीपी कार्यकर्ता पर लगाया डंडे से हमले का आरोप
- पुलिस को बीच-बचाव कर शांत करना पड़ा मामला
संवाद सहयोगी, चंबा : स्थानीय कॉलेज में शुक्रवार दोपहर मामूली कहासुनी के बाद एसएफआइ व एबीवीपी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों संगठनों के बीच काफी समय तक एक-दूसरे के बीच लात और घूंसे बरसे। झगड़े के दौरान एसएफआइ के कैंपस अध्यक्ष व एक अन्य कार्यकर्ता को मामूली चोट पहुंची है। दोनों को मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। झगड़े की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामला शांत किया।
पुलिस ने एसएफआइ व एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज किए हैं। एसएफआइ कैंपस अध्यक्ष परवेश ने बताया कि कुछ दिन से चंबा कॉलेज में एसएफआइ संगठन में छात्रों की बढ़ोतरी हो रही है। इसके कारण एबीवीपी कार्यकर्ता एसएफआइ के नए कार्यकर्ताओं को बैच न पहनने के लिए दबाव बना रहे हैं। इस पर एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ता डंडा लेकर वहां आए तथा उन पर हमला कर दिया। इस दौरान अगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो कॉलेज के कई छात्र घायल हो सकते थे। पुलिस ने झगड़े के बाद दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को चौकी में तलब किया जहां बयान दर्ज किए। कॉलेज में इन दिनों परीक्षाएं चल रही हैं। इससे झगड़े के बाद कॉलेज में माहौल तनावपूर्ण हो गया। कॉलेज में दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के भिड़ जाने से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। सूचना मिलते ही चौकी की टीम मौके पर पहुंची तथा माहौल हो शांत किया। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज करके जांच की जा रही है। एसएफआइ ने आरोप लगाया है कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया है।
बलवंत, चौकी प्रभारी सुल्तानपुर। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उन पर डंडे के साथ मारपीट की। इस दौरान मुझे व एक अन्य एसएफआइ कार्यकर्ता को चोट आई है। पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।
परवेश, कैंपस अध्यक्ष एसएफआइ चंबा कॉलेज। मैं आज कॉलेज नहीं आया था। इस संबंध में जानकारी दी गई है कि लड़ाई की शुरुआत पहले एसएफआइ ने की थी। इस बारे में जांच की मांग की जाएगी।
पंकज कुमार, कैंपस अध्यक्ष एबीवीपी चंबा कॉलेज। मैं कॉलेज के कार्य से शिमला गया हूं। कॉलेज में लड़ाई-झगड़े के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में जानकारी जुटाकर पता लगाया जाएगा कि झगड़े की शुरुआत किसने की।
डॉ. शिवदयाल, कॉलेज प्राचार्य चंबा।