आशा कार्यकर्ताओं को दिया जाए 18 हजार रुपये वेतन
भारतीय मजदूर संघ से संबंधित हिमाचल प्रदेश आशा कार्यकर्ता संघ जिला चंबा का प्रतिनिधिमंडल भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह राणा के नेतृत्व में उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया से मिला।
संवाद सहयोगी, चंबा : भारतीय मजदूर संघ से संबंधित हिमाचल प्रदेश आशा कार्यकर्ता संघ जिला चंबा का प्रतिनिधिमंडल भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह राणा के नेतृत्व में उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया से मिला। इस दौरान संघ ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को 10 सूत्रीय मांगपत्र प्रेषित किया। राणा ने मांग उठाते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करते हुए उन्हें न्यूनतम 18000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाए। कोविड-19 काल में 18000 रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाए।
उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत ईपीएफ एवं ईएसआइ योजनाएं लागू की जाएं तथा सेवानिवृत्ति पर अधिक से अधिक राशि पांच लाख का प्रावधान किया जाए। कोविड-19 के तहत आशा कार्यकर्ताओं की सेवा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की मृत्यु अथवा दिव्यांग होने की दशा में दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत उनके आश्रित को एकमुश्त राशि 50 लाख की राशि प्रदान करते हुए उसके परिवार से संबंधित पात्र सदस्य को नियुक्त किया जाए। अनुभवी आशा कार्यकर्ताओं को टीकाकरण के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। उम्र का बंधन हटाते हुए योग्यताधारी आशा कार्यकर्ता को एएनएम के पद पर पदोन्नत किया जाए। आशा कार्यकर्ता को वर्ष में दो बार गणवेश अथवा वर्दी भत्ते का भुगतान किया जाए। उनके लिए चिकित्सालयों में विश्राम स्थल की व्यवस्था की जाए तथा कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित हो।
इसके अलावा ड्यूटी के दौरान आशा कार्यकर्ता द्वारा किए गए सफर के यात्रा भत्ते का भुगतान किया जाए। प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना के अंतर्गत 40 वर्ष से अधिक आयु वाली आशा कर्मियों को भी इस योजना का लाभ दिया जाए। आशा कर्मियों को गंभीर बीमारी पर चिकित्सा अवकाश की सुविधा दी जाए। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र, सदस्य मनजीत बनियाल, पवन सिंह, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमारी, जिला महामंत्री कमलेश कुमारी, कोषाध्यक्ष बिमला देवी, उप-कोषाध्यक्ष अनूपा देवी, मीना देवी, क्यू वेगम, पुष्पा देवी, ईशा देवी, बविता देवी, प्रीतो देवी, पूजा देवी, सपना देवी, उशा, सुलेक्षणा देवी व आशा देवी मौजूद रहीं।