चार दिन पहले ही की थी लव मैरिज, कार हादसे ने उजाड़ दिया सुहाग; सदमे में परिवार
शादी के बाद दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं हुआ थी कि कार हादसे में पति की मौत का समाचार आ गया।
चंबा, रणवीर सिंह। मंडी के पंडोह में पेश आए हादसे में मारे गए रोहित के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खजियार पंचायत के लाहड़ा गांव के रोहित की शादी महज चार दिन पूर्व 12 नवंबर को धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं हुआ थी कि कार हादसे में पति की मौत का समाचार आ गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा छा गया है। नई नवेली दुल्हन के साथ पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई है। परिवार के सदस्यों को विश्वास नहीं हो रहा है कि अब रोहित उनके बीच नहीं है। बताया जा रहा है रोहित ने लव मैरिज की थी।
दुर्घटना का समाचार मिलने के बाद दुल्हन समेत परिवार के सदस्य बेसुध हो गए। कुल्लू जाने से पूर्व रोहित अपनी पत्नी से जल्द लौटने का वादा करके गया था, लेकिन वह अपना वादा पूरा नहीं कर पाया। परिवार व आसपास के ग्रामीण उस घड़ी को कोस रहे थे, जब रोहित अपनी गाड़ी लेकर दोस्तों संग कुल्लू के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि रोहित ने लव मैरिज की थी। दोनों एक दूसरे को लंबे समय से जानते थे, जिसके बाद शादी करने का फैसला किया था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि चार दिन के बाद ही वह बिछड़ जाएंगे। सभी लोग रोहित के शव का मंडी से लाहड़ा पहुंचने का इंतजार करते रहे।
दर्दनाक हादसे के बाद नहीं जले 30 परिवारों के चूल्हे
खजियार पंचायत के लाहड़ा गांव के तीस परिवारों के चूल्हे रविवार को नहीं जले। किसी भी घर में खाना नहीं बना। गांव में एक साथ दो परिवारों के दो सदस्यों की मौत के बाद मातम छा गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के कुछ सदस्य मंडी में शव लाने के लिए निकल गए तो कुछ प्रभावित परिवार व अन्य रिश्तेदारों को ढांढस बंधाने में जुट गए, ताकि उन्हें संभाला जा सके। लाहड़ा गांव के रोहित व सोनीपाल एक साथ कार में सवार होकर कुल्लू की तरफ जा रहे थे।