बर्फ पर फिसला डोजर, चालक ने कूदकर बचाई जान
होली घाटी में प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में लगी निजी कंपनी का डोजर बर्फ में स्किड होने से खाई में गिर गया।
जेएनएन, चंबा। घाटी में प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य में जुटी निजी कंपनी का डोजर बर्फ में स्किड होने से खाई में गिर गया। चालक ने छलांग लगाकर जान बचाई।
डोजर न्याग्रां रोड से बर्फ हटा रहा था। इस दौरान न्याग्रां से लौटते वक्त घडोह बस स्टॉप से कुछ दूरी पर स्किड हो गया। चालक ने डोजर की बॉकेट सड़क पर लगा इसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन फिसलन होने के कारण उसका पीछे का हिस्सा स्किड होकर खाई की ओर जा गिरा। दुर्घटना में डोजर के परखच्चे उड़ गए हैं।
देवीकोठी मार्ग पर शुरू हुआ यातायात
उधर, चुराह क्षेत्र में बर्फबारी व बारिश के कारण अवरुद्ध बैरागढ़-देवीकोठी मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने बुधवार दोपहर बाद बहाल कर दिया। बुधवार को लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर बर्फ को हटा दिया, जिसके बाद यहां पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हुई। तीन दिन से मार्ग बंद था, जिसके कारण यहां पर लोगों को काफी परेशान होना पड़ रहा था। तीन दिन से विभाग की टीम जेसीबी सहित मार्ग से बर्फ हटाने में जुटी थी। बुधवार दोपहर बाद मार्ग व वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। उधर, लोक निर्माण के अधिशाषी अभियंता हर्ष पुरी ने बताया कि मार्ग पर जमी बर्फ को हटा दिया गया है। वहीं बर्फबारी के दौरान टीम को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।