लोक निर्माण विभाग ने बहाल किए 84 मार्ग
जिला चंबा में रविवार देर रात से मंगलवार दोपहर तक हुई भारी बारिश के बाद मंगलवार को लोक निर्माण विभाग ने 84 मार्ग बहाल कर दिए हैं।
संवाद सहयोगी, चंबा : जिला चंबा में रविवार देर रात से मंगलवार दोपहर तक हुई भारी बारिश के चलते बंद हुए 104 मार्गो में से लोक निर्माण विभाग ने 84 मार्गो को बहाल करवा दिया है। जिलाभर में शेष 20 मार्गो को मंगलवार को बहाल नहीं किया जा सका। भारी बारिश के चलते लोक निर्माण विभाग को जिलाभर में आठ करोड़ 19 लाख की चपत लगी है। चंबा में बारिश के बरपे कहर ने आम जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते सोमवार व मंगलवार को प्रशासनिक आदेश पर जिला के सरकारी व निजी स्कूलों में अवकाश रहा। प्रशासन ने लोगों को आवाजाही में एहतियात बरतने को भी कहा है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने बारिश का दौर थमते ही युद्धस्तर पर मार्गो पर यातायात बहाली के लिए काम छेड़ दिया। मंगलवार शाम तक बारिश से बंद करीब 84 मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिए थे। मार्ग बंद होने से सोमवार को जिला के कई हिस्सों में समाचार पत्रों सहित अन्य रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की सप्लाई नहीं पहुंच पाई। बारिश के कारण जिला के विभिन्न हिस्सों में पहाड़ दरकने से हुए भूस्खलन के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप होकर रह गई।
------
लोक निर्माण विभाग बारिश व भूस्खलन से बंद हुए मार्गो को बहाल करवाने में जुटा हुआ है। मंगलवार तक 81 मार्गो को बहाल करवा दिया गया है। शेष मार्गो को बहाल करवाने के लिए भी मशीनरी व कर्मचारी जुटे हुए हैं। जल्द ही मार्गो को बहाल करवा कर आवाजाही शुरू करवा दी जाएगी। विभाग को बारिश से आठ करोड़ 19 लाख की चपत लगी है।
एसबी शर्मा, अधीक्षण अभियंता नौ सर्किल नूरपुर।