हिमाचल में 551 करोड़ की लागत से बनेंगी 65 नई सड़कें, दूरदराज के 76 गांवों को मिलेगी कनेक्टिविटी
चंबा जिले में शिक्षा और सड़क ढांचे को मजबूत किया गया है, जिससे दूरदराज के गांवों को लाभ मिलेगा।

पीएमजीएसवाई के तहत गांवों का होगा विकास (जागरण फोटो)
HighLights
6.46 करोड़ से 34 नए स्कूल भवनों का लोकार्पण
551.22 करोड़ से 65 नई सड़कें, 76 गांव जुड़ेंगे
जल शक्ति की 740 करोड़ की योजनाएं प्रगति पर
जागरण संवाददाता, चंबा। जिला चंबा में शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करते हुए कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत छह करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 34 स्कूल भवनों का डिजिटल लोकार्पण किया गया है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-4) के अंतर्गत जिला में 551.22 करोड़ रुपये की लागत से 327 किलोमीटर लंबी 65 नई सड़कें बनाई जा रही हैं, जिससे 76 दूरदराज गांवों को सीधी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
यह महत्वपूर्ण प्रगति शुक्रवार को जिला मुख्यालय चंबा में आयोजित जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समिति की समीक्षा बैठक के दौरान सामने आई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।
विभागीय समीक्षा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विकास परियोजनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, उन्हें आपसी समन्वय बनाकर तय समय सीमा में पूरा करें ताकि जनता को समय रहते उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत मनरेगा, सड़क, स्वास्थ्य, विद्युतीकरण, स्वच्छ भारत मिशन, मिड-डे मील और जल संरक्षण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत 551.22 करोड़ रुपये से 65 सड़कों का निर्माण तेजी से जारी है।
760 करोड़ की योजनाएं प्रगति पर है
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा ने जानकारी दी कि जिले में 490 करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 740 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रगति पर हैं और 1294 करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट स्वीकृति प्रक्रिया में हैं।
इसके अलावा अन्य विभागों ने भी प्रगति रिपोर्ट रखी। बैठक में विधायक नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष ललित ठाकुर, हज कमेटी अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली खान, एडीसी अमित मेहरा, एसडीएम चिराग शर्मा, सीएमओ डा. जालम सिंह भारद्वाज, जिला योजना अधिकारी डा. देवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।
