पैदल यात्रा के लिए बहाल हुआ साचपास
जनजातीय विकास खंड पांगी को चंबा से जोड़ने वाले साचपास को लोक निर्माण विभाग ने पैदल यात्रियों के लिए बहाल कर दिया है।
संवाद सहयोगी, पांगी : जनजातीय विकास खंड पांगी को चंबा से जोड़ने वाले साचपास को लोक निर्माण विभाग ने पैदल यात्रियों के लिए बहाल कर दिया है। बीते साल नवंबर में भारी बर्फबारी के कारण साचपास को प्रशासन ने बंद कर दिया था। करीब आठ माह बाद दर्रा खुलने से लोगों को राहत मिली है।
घाटी के लोगों ने दिनरात एक करके कड़ाके के ठंड में साचपास को बहाल करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रंशसा की है। किलाड़ पंचायत के पूर्व प्रधान संतीश शर्मा, पांगी फर्स्ट पंगवाल फर्स्ट के अध्यक्ष इंद्र प्रकाश शर्मा, पंचायत समिति सदस्य धरवास वीर सिंह राणा, साहली पंचायत प्रधान अश्वनी कुमार शर्मा, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य कल्याण सिंह ठाकुर एवं तुरुप चंद ठाकुर ने कहा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित स्टाफ के बेहतर समन्वय से ऐसा हो पाया है।
विभाग के अधिशाषी अभियंता जीत सिंह ठाकुर के दिशा-निर्देशों व सहायक अभियंता महेंद्र सिंह ठाकुर सहित कनिष्ठ अभियंता तेज सिंह ठाकुर, विभाग के अन्य स्टाफ, मशीन ऑप्रेटरों, ठेकेदारों और उनके स्टाफ ने कड़ी मेहनत करके समय से पहले साचपास को बहाल किया है। उन्होंने ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान तमाम नियमों के तहत शून्य से नीचे तापमान में बर्क की मोटी परतों को काटकर रास्ता खोलना किसी जंग से कम नहीं है। साचपास बहाल करने वाले भी कोरोना योद्धाओं से कम नहीं है। साचपास के दोनों और से बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग किलाड़ के सहायक अभियंता महेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि किलाड़ से भूतग्राउंड और बैरागढ़ से जोत के आखिरी मोड़ तक छोटी गाड़ियां आ सकती हैं। करीब पांच किलोमीटर बर्फ हटाने का कार्य शेष रह गया है। विभाग द्वारा मार्ग को बहाल करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।