संघणी-भांदल मार्ग पर नाले में गिरी कार, चालक घायल
सलूणी संघणी-भांदल मार्ग पर जा रही एक कार शुक्रवार देरशाम अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी जिस कारण उसमें सवार चालक गंभीर घायल हो गया।
संवाद सहयोगी, सलूणी : संघणी-भांदल मार्ग पर जा रही एक कार शुक्रवार देरशाम अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी, जिस कारण उसमें सवार चालक गंभीर घायल हो गया। चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किहार लाया गया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
सुरेंद्र कुमार पुत्र सहनु निवासी गांव कौंदी डाकघर संघणी तहसील सलूणी मारूती 800 (एचपी 48-8039) लेकर संघणी से भांदल की ओर जा रहा था। जब वह झंडूर नामक स्थान पर पहुंचा तो अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे नाले में जा गिरी। कार के नाले में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सूचना पुलिस चौकी संघणी को दी गई। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा लोगों की मदद से चालक को नाले से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे किहार अस्पताल लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया।
उधर, एसपी चंबा डॉ. मोनिका का कहना है कि घटनास्थल का निरीक्षण करने और वहां पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पाया कि उपरोक्त दुर्घटना चालक की लापरवाही और तेज रफ्तारी के कारण हुई है, जिस पर पुलिस थाना किहार में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।