चंबा-होली मार्ग पर 13 घंटे जाम रहे वाहनों के पहिये
खड़ामुख-होली मार्ग पर वीरवार रात पहाड़ी दरकने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
संवाद सूत्र, चन्हौता : खड़ामुख-होली मार्ग पर वीरवार रात पहाड़ी दरकने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया।
वीरवार रात एक बजे से शुक्रवार दोपहर दो बजे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। इससे यात्रियों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों को वाहनों की अदला-बदली कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। वीरवार देर रात खड़ामुख-होली मार्ग पर लूहणी के पास पहाड़ी से मलबा गिरना शुरू हो गया। देखते ही देखते बड़ी-बड़ी चट्टानें व मलबा सड़क पर गिर गया। इस कारण मार्ग पर 13 घंटे तक वाहनों के पहिये जाम रहे। छोटे वाहनों के गुजरने के लिए भी सड़क पर जगह नहीं बची थी। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मजदूरों व जेसीबी सहित मौके पर पहुंचे। बड़ी-बड़ी चट्टानें होने के कारण मार्ग को जल्द बहाल नहीं किया जा सका। करीब 13 घंटे बाद मार्ग बहाने से वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। इससे वाहन चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली। सड़क बंद होने से होली घाटी के लिए दोपहर तक वाहनों की आवाजाही नहीं हुई। इस दौरान परिवहन निगम की बस सेवा भी ठप रही। परिवहन निगम ने होली के लिए एक बस यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाई। लेकिन अन्य वाहनों को दिनभर मार्ग बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। होली क्षेत्र में इन दिनों बारिश के दौरान मार्ग बंद हो जाता है। इस कारण वाहन चालकों व लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। हालांकि लोक निर्माण विभाग की टीम सुबह ही मार्ग को बहाल करने में जुट गई थी लेकिन बड़ी चट्टानें गिरने से मार्ग को को बहाल करने में देरी हुई।
----------
लूहणी के पास चट्टानें गिरने से सड़क बंद हो गई थी। विभाग ने मजदूरों व जेसीबी की मदद से दोपहर बाद सड़क को बहाल कर दिया। बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से मार्ग को बहाल करने में देरी हुई।
-अजय नाग, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग होली