पांगी में सेब के पौधे नष्ट करने पर मामला दर्ज
संवाद सहयोगी, पांगी : जनजातीय तहसील पांगी में एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति के खेतों पर जाकर पहले उसके सेब के पौधों को उखाड़ कर नष्ट कर डाला। वहीं इसका विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे डाली। जिसके बाद पीड़ित ने थाना पांगी में न्याय की गुहार लगाई है। पांगी तहसील के थांदल गांव के रहने वाले वांका राम पुत्र फुल देव ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह अपने खेतों में काम कर रहा था। तभी अचानक वहां पर किशन राम पुत्र नुरवु राम आ पहुंचा। वह उससे अभद्र व्यवहार करने लगा। इसी दौरान किशन राम ने पीड़ित पर अपनी धौंस जमाते हुए उसके सेब के पौधों को जड़ों समेत उखाड़ कर उन्हें नष्ट कर डाला। जिसका जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। उधर थाना पुलिस पांगी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किशन राम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिसकी छानबीन की जा रही है। मामले की पुष्टि एसपी चंबा डीके चौधरी ने की है।