हिमाचल में 10वीं की 2 छात्राओं ने सीर खड्ड पुल से लगाई छलांग, एक का शव बरामद; दूसरी की तलाश जारी
घुमारवीं में सीर खड्ड पुल से दो किशोरियों ने छलांग लगा दी, जिसमें से एक का शव बरामद हुआ जबकि दूसरी लापता है।
-1794756982885_m.webp)
घुमारवीं में सीर खड्ड पुल से दो किशोरियों ने लगाई छलांग एक का शव मिला दूसरी लापता।
HighLights
दो किशोरियों ने सीर खड्ड पुल से छलांग लगाई
एक किशोरी का शव बरामद, दूसरी की तलाश जारी
पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है
संवाद सहयोगी, घुमारवीं। सीर खड्ड पुल पर रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बरमाणा क्षेत्र की दो किशोरियों ने अचानक पुल से खड्ड में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल के आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खड्ड में तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोरी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी किशोरी का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अंधेरा होने और खड्ड का पानी बेहद ठंडा होने के बावजूद स्थानीय लोग दूसरी किशोरी की तलाश में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार दोनों युवतियां बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं और दसवीं कक्षा की छात्राएं बताई जा रही हैं। इनमें से एक किशोरी अपने ननिहाल में रहती थी, जबकि दूसरी उसकी सहेली थी। वह प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी और बरमाणा में ही रहती थी।
बताया जा रहा है कि दोनों शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं। इस दौरान एक किशोरी ने अपने नाना से 200 रुपये भी लिए थे। परिजनों को उम्मीद थी कि दोनों परीक्षा देने के बाद शाम तक घर लौट आएंगी, लेकिन देर रात तक उनके वापस नहीं पहुंचने पर परिवार की चिंता बढ़ गई।
देर शाम अंधेरा बढ़ने और पानी अत्यधिक ठंडा होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें पेश आईं। इसके बावजूद स्थानीय लोग दूसरी युवती की तलाश में जुटे रहे। घटना के बाद सीर खड्ड पुल पर लोगों की भीड़ जमा रही और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। दोनों युवतियों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
उनके घर से निकलने से लेकर घुमारवीं पहुंचने और पुल पर हुई घटना तक की परिस्थितियों को पुलिस जांच में शामिल कर रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
उधर, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो युवतियों ने सीर खड्ड पुल से छलांग लगाई थी। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।