विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति का बिलासपुर दौरा: श्रद्धालुओं के लिए 6 घंटे बंद रहेगा श्रीनयना देवी मंदिर, ट्रैफिक प्लान भी फाइनल

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 01 Oct 2026 02:28 PM (IST)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 6 अक्टूबर को बिलासपुर के दौरे पर रहेंगी, जहां वे श्री नयना देवी मंदिर में दर्शन और एम्स बिलासपुर के दीक्षा समारोह में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल के दौरे पर आ रही हैं। जागरण आर्काइव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल के दौरे पर आ रही हैं। जागरण आर्काइव

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छह अक्टूबर से हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर और कुल्लू जिले के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति श्री नयना देवी जी मंदिर में दर्शन व पूजा करेंगी, इसके अलावा एम्स बिलासपुर के दीक्षा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा मंदिर

राष्ट्रपति के मंदिर आगमन एवं दर्शन की प्रक्रिया के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर को सुबह 7:00 बजे से दोपहर बाद 1:00 बजे तक छह घंटे आम श्रद्धालुओं के लिए पूर्णतः बंद रखा जाएगा। इस समयावधि के दौरान किसी भी बाहरी या स्थानीय श्रद्धालु को मंदिर में प्रवेश अथवा दर्शन करने की अनुमति नहीं होगी।

मंदिर के सभी मार्ग बंद रहेंगे

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के दिन दोपहर एक बजे तक मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर आम आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस अवधि में केवल एम्बुलेंस तथा अन्य आपातकालीन वाहनों को ही आवाजाही की छूट दी जाएगी।

नौणी चौक से एम्स मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

दूसरी ओर एम्स बिलासपुर में आयोजित होने वाले दीक्षा समारोह को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नौणी चौक से लेकर एम्स परिसर तक का मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

500 पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा

दौरे की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनाई गई है। श्री नयना देवी मंदिर परिसर और एम्स बिलासपुर क्षेत्र में कुल 500 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है।

सेक्टरों में बांटे क्षेत्र

सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए दोनों प्रमुख स्थलों को 3-3 सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की कमान और तैनात जवानों की कड़ी निगरानी का जिम्मा राजपत्रित अधिकारियों को सौंपा गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल मंत्रिमंडल विस्तार के क्या बदल गए समीकरण, CM की पसंद बनाम क्षेत्रीय संतुलन के बीच कौन बनेगा मंत्री?