घोटाले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए : सुरेश
स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले पर प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने सरकार को घेरा है।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले पर प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने सरकार को घेरा है। कहा इस घोटाले की जांच किसी ऐसी एजेंसी से करवाए जाए, जिस पर लोगों को भरोसा हो।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य सुरेश चंदेल ने कहा कोविड 19 जैसी महामारी के दौर में घोटाला होने से जनता का विश्वास सरकार से उठ गया है। प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज ही नहीं है। घोटाले में अब तक जो भी जांच हुई है उसमें केवल लीपापोती की गई है। बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए उनकी भी जवाबदेही इस मामले में बनती है। सैनिटाइजर जिस तरह से खरीदे गए वह आम जनता द्वारा इस महामारी से निपटने के लिए दिए गए एक-एक रुपये के फंड का दुरुपयोग है। अगर मुख्यमंत्री स्वयं को निष्पक्ष और जवाबदेह कहलाते हैं तो उन्हें इस मामले में आगे आकर बयान देना चाहिए।
काग्रेस पार्टी इस मामले में चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने बरमाणा स्थित सीमेंट कारखाना कंपनी द्वारा बफरजोन में दस बीघे से अधिक भूमि पर कटे पेड़ों की जांच पर भी सवाल उठाए। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजना धीमान ने बताया प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा स्वास्थ्य घोटाले के बारे में पत्रकार वार्ताएं की जा रही हैं और यह वार्ता भी उसी कड़ी में हो रही है।