हटवाड़ वार्ड में भाजपा उम्मीदवार को घेरने के लिए कांग्रेस की दोहरी चाल
जागरण संवाददाता बिलासपुर जिला परिषद का हटवाड़ वार्ड भी इस बार भाजपा व कांग्रेस दोनों क
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : जिला परिषद का हटवाड़ वार्ड भी इस बार भाजपा व कांग्रेस दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस ने हालांकि यहां से अपने उम्मीदवार की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन दो उम्मीदवारों को सीधे तौर पर उनकी कांग्रेस पृष्ठभूमि से होने के कारण कांग्रेस पार्टी से ही जोड़कर देखा जा रहा है। इनमें एक हिमाचल पुलिस से हेड कांस्टेबल के पद से रिटायर कुलदीप सिंह बंसल हैं जबकि दूसरे लंबे समय से पंचायतीराज की राजनीति में सक्रिय नेता संजीव धीमान हैं। जबकि भाजपा की ओर से मदन धीमान को उतारा गया है। धीमान के पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होने के कारण इस सीट पर भी कांग्रेस से ज्यादा भाजपा की चिता बढ़ी है। क्योंकि इसी हलके से खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजिंद्र गर्ग विधायक भी हैं। दूसरा इसलिए भी क्योंकि इस वार्ड से कांग्रेस ने भाजपा को मात देने के लिए एक ही क्षेत्र से मरहाणा से धीमान जाति से अलग अपना ही एक और समर्थक उतारा है।
घुमारवीं विस हलके में हटवाड़ वार्ड वोट बैंक के हिसाब से महत्वपूर्ण है। यहां किसी दौर में कांग्रेस का गढ़ था। भाजपा ने लंबे समय तक इस इलाके के तहत आने वाली पंचायतों में रचने बसने की कोशिश की लेकिन आखिर में यहां पर कामयाबी भाजपा को पिछले विस चुनाव के दौरान ही मिली।
इस बीच, अब पंचायत चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण विषय जिला परिषद के चुनाव हैं। इनमें हटवाड़ वार्ड से भाजपा ने मदन धीमान को उतारा है। मदन धीमान मलोट गांव के रहने वाले हैं। वह मरहाणा पंचायत के प्रधान भी रहे हैं।
कांग्रेस से ही संबंधित हिमाचल पुलिस से रिटायर कुलदीप बंसल भी इसी क्षेत्र से हैं और अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
जबकि संजीव धीमान हटवाड़ क्षेत्र के नजदीकी गांव ग्लाही बम्म से हैं। वह राजनीति में लंबे समय से हैं और कांग्रेस के प्रभावशाली नेता भी हैं। हालांकि इस क्षेत्र के देहरा वाले भाग से एक और महिला बिमला देवी भी उम्मीदवार हैं। सलाओं पंचायत क्षेत्र से सुरेश कुमार भी उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में है। लेकिन कुल मिलाकर मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस से संबंधित उम्मीदवारों में होने की उम्मीद है।