फैजाबाद में हैंडबॉल की बारीकियां सीखेंगी हिमाचल की चार बेटियां
डॉक्टर भीम राव इंडोर स्टेडियम फैजाबाद में होने वाले प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश की चार महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है जहां पर यह खिलाड़ी अन्य खिलाड़ियों के साथ अनुभवी कोच से हैंडबाल की बारीकियां सीखेंगे।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : डॉ. भीम राव इनडोर स्टेडियम फैजाबाद में राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रशिक्षण शिविर में हिमाचल की चार महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। इस शिविर में देशी की 30 महिला खिलाड़ी प्रशिक्षण लेंगी। इनमें से 16 का चयन भारतीय महिला हैंडबॉल टीम के लिए किया जाएगा। 28 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलने वाले भारतीय महिला टीम के इस प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए हिमाचल की महिला खिलाड़ी शनिवार को रवाना हो गई। इनमें जूनियर भारतीय महिला हैंडबाल की कप्तान रही मेनिका पाल, एशियन गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी दीक्षा ठाकुर व प्रियंका ठाकुर और दीपा ठाकुर शामिल हैं। मेनिका पाल जिला सोलन व दीक्षा ठाकुर, दीपा ठाकुर व प्रियंका ठाकुर जिला बिलासपुर से संबंधित है। इस शिविर में जापान के कुमामोटो में 30 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाली 17वीं महिला हैंडबाल प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का चयन होगा।
हैंडबॉल संघ के सीईओ डॉक्टर प्रवेश शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक भुट्टो, सहायक उपप्रधान राजीव कुमार, मीडिया प्रभारी करण चंदेल, आईटी सेल कन्वीनर मितांशु, सलाहकार अतुल सोनी, कानूनी सलाहकार रणदीप ¨सह, कार्यकारी सदस्य संजय कौशल, तकनीकी समिति के अध्यक्ष जगदीश कौंडल, कन्वीनर एमएम गर्ग, रे़फरी बोर्ड के अध्यक्ष के आर गर्ग, कन्वीनर अनिल शर्मा, हैंडबॉल प्रशिक्षक सरित शर्मा ने दीक्षा ठाकुर, दीपा ठाकुर, मेनिका पाल व प्रियंका ठाकुर को भारतीय महिला हैंडबाल टीम के प्रशिक्षण शिविर में चयन पर बधाई दी है।