भाजपा अपने दम पर जीतेगी चार सौ सीटें : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर चल रही है।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को बिलासपुर में पत्रकारों से कहा देश में मोदी लहर चल रही है। धर्म व जाति के नाम पर राजनीति करने वालों को देश की जनता ने मुंह तोड़ जवाब दिया है। उत्तर प्रदेश में छठे चरण के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर एकतरफा वोटिग भाजपा के पक्ष में हुई है। सातवें चरण में भी हिमाचल सहित देश के बाकी हिस्सों में जनमत मोदी के साथ खड़ा हो रहा है। उन्होंने दावा किया भाजपा अपने दम पर देशभर में चार सौ सीटें जीतेगी।
नड्डा ने कहा कांग्रेस 33 प्रतिशत नौकरियां महिलाओं को देने का वादा कर रही है। कांग्रेस के इतिहास को देखा जाए तो उसने आज तक जितने भी वादे किए उनमें से कोई भी पूरा नहीं किया है। अनुराग ठाकुर के हिस्से में उपलब्धियां भी हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट नहीं मांग रहे हैं। नड्डा ने कहा अनुराग के प्रचार का कार्यक्रम आखिरी दौर में बनाया है। अमित शाह के निर्देश पर तमाम व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने अपने जिले में प्रचार के लिए समय निकाला है। अनुराग लंबे समय से पार्टी के एक सिपाही के रूप में काम कर रहे हैं। उन्हें जो भी जिम्मेदारी पार्टी ने दी है उसे पूरा किया है। पार्टी भविष्य में उन्हें जो जिम्मेदारी देगी उसे वह पूरा करेंगे। दावा किया भाजपा प्रदेश में चारों सीटें जीतेगी और केंद्र में सरकार बनाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप