भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर में वधु प्रवेश, दोपहर बाद होगी मिलनी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की नवविवाहित पुत्र वधु प्राची व बेटे गिरीश ने शास्त्रानुसार आज उनके पैतृक निवास में प्रवेश किया।
बिलासपुर, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के पैतृक घर विजयपुर में आज सुबह 10.30 बजे उनकी पुत्र वधु प्राची व बेटे गिरीश का शास्त्रानुसार प्रवेश हुआ। इस दौरान जगत प्रकाश नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा ने तमाम रस्मों को पूरा करते हुए बेटे और बहू को घर के अंदर पहुंचाया। नड्डा के बेटे व वधु ने परिवार के बड़े बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। अब घर में स्थानीय लोक संस्कति और परंपरा के अनुसार दिन भर कार्यक्रम होंगे।
वधु प्रवेश के दौरान मंडी के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भी कुल्लू की पारंपरिक नाटी डालते हुए अपने समूह के साथ जगत प्रकाश नड्डा के घर विजयपुर पहुंचे। वह कल तक यहां ही रहेंगे। जेपी नड्डा के बेटे गिरीश नड्डा के ससुराल पक्ष के लोग दोपहर तीन बजे मिलनी कार्यक्रम के लिए राजस्थान से बिलासपुर के विजयपुर में पहुंचेंगे। दोपहर बाद होने वाली मिलनी कार्यक्रम में जेपी नड्डा को भी तीन बजे तक झंडूत्ता में होने वाले स्वागत समारोह से घर पहुंचना होगा। उसके बाद वह भी मिलनी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
वहीं, जगत प्रकाश नड्डा राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल बिलासपुर जिले के झंडूत्ता हल्के में अपने निर्धारित कार्यक्रम में पहुंच गए हैं। जेपी नड्डा, जयराम ठाकुर व अनुराग ठाकुर का भाजपा के जिले के तीन विधायकों जीतराम कटवाल, सुभाष ठाकुर व राजेंद्र गर्ग ने भाजपा जिला इकाई के साथ सुनहानी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरते ही स्वागत किया। पूर्व विधायक रिखी राम कौंडल भाजपा के जिले के अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, जिला महामंत्री नवीन शर्मा आदि भी मौके पर अभिनंदन के लिए पहुंचे। पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सुनहानी से लेकर झंडूता तक अलग-अलग जगह पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व उनके साथ आए प्रदेश के नेताओं का ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इसके बाद जगत प्रकाश नड्डा ने झंडूत्ता पहुंचते ही 105 फीट ऊंचे तिरंगे का भी लोकार्पण किया। इसके बाद वह झंडूत्ता के आनंद घाट में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व जगत प्रकाश नड्डा झंडूत्ता विधानसभा हलके में पहुंचने के लिए तय वक्त से लगभग दो घंटा लेट हो गए। जिला भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने बताया कि जगत प्रकाश नड्डा के पैतृक गांव विजयपुर में उनके घर में शनिवार को रिश्तेदारों के अलावा प्रदेश के तमाम बड़े नेताओं अधिकारियों के साथ स्थानीय जनता के लिए भी धाम का आयोजन किया गया है। कल परोसी जाने वाले धाम को बनाने के लिए लगभग 200 रसोइयों की व्यवस्था की गई है।