विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

HPBOSE 10th Toppers: सरकारी स्कूल की छात्रा पूर्णिमा के 6 विषयों में शत प्रतिशत अंक, 698 नंबर के साथ पाया दूसरा रैंक

By Munish Ghariya Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 10 May 2026 03:48 PM (IST)

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा ने हिमाचल प्रदेश बोर्ड 10वीं की परीक्षा में 698 अंक (99.29%) प्राप्त कर राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है।

बिलासपुर कन्या स्कूल का स्टाफ पूर्णिमा को सम्मानित करते हुए। जागरण

बिलासपुर कन्या स्कूल का स्टाफ पूर्णिमा को सम्मानित करते हुए। जागरण

HighLights

  1. पूर्णिमा शर्मा ने 10वीं में 99.29% अंक प्राप्त किए।

  2. सरकारी स्कूल की छात्रा ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।

  3. उसने छह विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

जागरण संवाददाता, बिलासपुर। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवता को लेकर आए दिन सवाल उठाते हैं और कुछेक मामलों को देखकर सवाल वाजिब भी लगते हैं। इसके विपरीत अगर विद्यार्थी ने कुछ करने की दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो वह किसी भी स्कूल में ऐसा करके देखा देता है। यह बात साबित की है दसवीं कक्षा के वार्षिक परिणामों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा ने।

700 में से 698 यानी 99.29 प्रतिशत अंक लेकर प्रदेश मेरिट में दूसरा स्थान हासिल करने वाली पूर्णिमा ने इस उपलब्धि से न केवल अपने माता पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सरकारी स्कूलों से भी मोती निकलते हैं।

छह विषयों में शत प्रतिशत नंबर

पूर्णिमा ने छह विषयों में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं, जबकि हिंदी विषय में उसे 98 अंक मिले हैं। यदि हिंदी में दो नंबर न कटे होते तो पूर्णिमा ने 700 में से 700 अंक हासिल कर लिए थे। 

पिता वन विभाग में कार्यरत

पूर्णिमा के पिता जोगिंद्र पाल वन विभाग बिलासपुर में सेक्टर ऑफिसर के पद पर तैनात हैं और माता गृहिणी हैं। पूर्णिमा पहले घुमारवीं में पढ़ती थी और नौवीं कक्षा से ही उसने गर्ल स्कूल बिलासपुर में प्रवेश लिया था।

रिजल्ट सुनते ही छुट्टी के दिन ही स्कूल पहुंचे शिक्षक

जैसे ही परिणाम घोषित हुआ और स्कूल प्रबंधन को पूर्णिमा के उपलब्धि का पता चला तो स्कूल प्रशासन ने छुट्टी के दिन भी तत्काल पूरे स्टाफ और पूर्णिमा व उसके स्वजन को बुलाया, ताकि इस गौरवमयी पल की खुशियां मनाई जा सकें। 

क्या कहती हैं प्रधानाचार्य

स्कूल प्रधानाचार्य प्रिया पोसवाल ने बताया कि पूर्णिमा शर्मा ने नौवीं कक्षा में विद्यालय में प्रवेश लिया था। शुरू से ही वह पढ़ाई के प्रति गंभीर रही और हर गतिविधि में सक्रिय भागीदारी निभाती थी। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी उसकी विशेष रुचि रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्णिमा अनुशासित, मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा है, जिसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। विद्यालय परिवार को पूर्णिमा की इस उपलब्धि पर गर्व है।

यह भी पढ़ें: HPBOSE 10th Result 2026: कांगड़ा की अनमोल 699 अंक लेकर स्टेट टॉपर, 83% पास; फेल छात्रों को पहली बार विशेष अवसर

यह भी पढ़ें: HPBOSE 10th Result Topper: 700 में से मात्र 1 अंक कम, कांगड़ा की अनमोल बनीं हिमाचल टॉपर; मोबाइल से दूरी बना पाई सफलता