हिमाचल पुलिस के दो जवान सस्पेंड, अदालत से चिट्टा तस्कर के फरार होने के मामले में विभाग ने की कार्रवाई
बिलासपुर अदालत परिसर से चिट्टा तस्कर के भागने के मामले में हिमाचल पुलिस के दो जवानों को निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

हिमाचल पुलिस के दो जवान सस्पेंड किए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
अदालत परिसर से चिट्टा तस्करी का आरोपी भाग निकला।
ड्यूटी में गंभीर लापरवाही के लिए दो पुलिसकर्मी निलंबित।
फरार आरोपी को डेढ़ घंटे बाद नाली से ढूंढ निकाला गया।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में अदालत परिसर से चिट्टा तस्करी के आरोपित के भागने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वारघाट पुलिस थाने के दो जवानों को निलंबित कर दिया गया है। ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।
मंगलवार को पेशी के दौरान कुल्लू निवासी आरोपित पुलिस को चकमा देकर पहली मंजिल से कूदकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने डेढ़ घंटे के कड़े तलाशी अभियान के बाद बस स्टैंड के समीप एक निकास नाली से दबोचा था।
उल्टी का बहाना बनाकर हो गया था फरार
गरा क्षेत्र में लग्जरी बस में सवार 32 वर्षीय चंद्रवीर निवासी बैंची कुल्लू को पुलिस ने 12.58 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। उसे मंगलवार को पुलिस जवान अदालत में पेशी के लिए लाए थे। जज के समक्ष पेश किए जाने से ठीक पहले आरोपित ने उल्टी आने का नाटक किया। जैसे ही जवान उसे बाथरूम की तरफ ले जाने लगे, वह पहली मंजिल से छलांग लगाकर भाग निकला था।
शहर में नाकेबंदी के बाद नाली से हुआ था गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी थी। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने आरोपित को बस स्टैंड के पास गंदगी से भरी नाली से ढूंढ निकाला था।
अदालत परिसर जैसी संवेदनशील जगह से कैदी के भागने की घटना के बाद से ही जवानों पर गाजगिरना तय माना जा रहा था।
