एम्स बिलासपुर के विस्तार में सहयोग करेगी हिमाचल सरकार, CM सुक्खू बोले- मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटें बढ़ाएंगे
हिमाचल सरकार एम्स बिलासपुर के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में हर संभव सहायता देगी, ताकि राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल ...और पढ़ें
HighLights
एम्स बिलासपुर के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में सरकार का सहयोग।
दिसंबर तक सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित होंगी।
पीजी मेडिकल सीटों की संख्या में 320 की वृद्धि का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के लोगों को राज्य के भीतर ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार एम्स बिलासपुर के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी। यह आश्वासन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को बिलासपुर जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स बिलासपुर का निरीक्षण के दौरान दिया।
मुख्यमंत्री ने एम्स के संकाय सदस्यों (फैकल्टी) और अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं और संस्थान से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करना है, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर इलाज के लिए बाहरी राज्यों का रुख न करना पड़े।
डॉक्टरों को आकर्षित करने के लिए वेतन-भत्तों में सुधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों को राज्य में आकर्षित करने और उन्हें रोके रखने के लिए सरकार बेहतर वेतन और भत्ते प्रदान कर रही है। इसके अलावा डॉक्टरों को प्रोफेसर के रूप में पदोन्नत करने के नियमों में भी ढील दी जा रही है ताकि अनुभवी चिकित्सकों को प्रोत्साहन मिल सके।
पीजी सीटों की संख्या 320 बढ़ेगी, जांच सुविधाएं होंगी मजबूत
स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य भर में डायग्नोस्टिक (जांच) सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि राज्य में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल सीटों की संख्या में 320 की वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे भविष्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सकेगा।
जीन और फोटोथेरेपी पर अमेरिका के विशेषज्ञों से मंथन
स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने 'जीन थेरेपी' और 'फोटोथेरेपी' के क्षेत्रों में कार्य शुरू कर दिया है। इस संबंध में विशेषज्ञता और सहयोग प्राप्त करने के लिए अमेरिका के डॉक्टरों के साथ बातचीत चल रही है।
