भाजपा सरकार कर रही लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार : अंजना
संवाद सहयोगी बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने प्रदेश भाजपा सरकार पर राजनीतिक
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने प्रदेश भाजपा सरकार पर राजनीतिक द्वेष के कारण लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के इतिहास से छेड़छाड़ कर कांग्रेस नेताओं का अपमान कर रही है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
अंजना धीमान ने कहा कि अटल टनल के निर्माण के बाद उद्घाटन के वक्त जिस प्रकार की ओछी राजनीति भाजपा नेताओं ने की है, वह निदनीय है। रोहतांग टनल के निर्माण में कांग्रेस का ही योगदान है। 28 जून, 2010 में तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसकी आधारशिला रख कर निर्माण शुरू करवाया था। अंजना ने कहा कि इस टनल से सोनिया गांधी की आधारशिला को वहां से गायब करना, भाजपा की एक सोची समझी राजनीतिक साजिश है। कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेता का इस तरह का अपमान सहन नही कर सकती। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की कड़ी आपत्ति के बाद बीआरओ ने इस पट्टिका को उनके पास सुरक्षित होने की बात तो स्वीकारी है, पर इसे वहां से क्यों निकाला, इसका जवाब नहीं दिया है।
उन्होंने बीआरओ से पूछा कि वह स्पष्ट करे कि उन्होंने किसके आदेश से उनकी नेता की यह ऐतिहासिक महत्व की पट्टिका को निकाला। कांग्रेस नेता ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने इस पूरे मामले की जांच और इस पट्टिका को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के दिए अल्टीमेटम के अंदर नहीं लगाया तो वह प्रदेश में कांग्रेस के एक बड़े आंदोलन से निपटने को तैयार हो जाए।