शादी के 4 दिन बाद ज्वेलरी और कैश लेकर फरार हुई दुल्हनिया, हिमाचल के युवक ने हरियाणा में की थी कोर्ट मैरिज
बिलासपुर में शादी के चार दिन बाद ही एक नवविवाहिता ससुराल से लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हो ...और पढ़ें

हिमाचल के बिलासपुर में शादी के चार दिन बाद दुल्हनिया गहने और कैश लेकर फरार हो गई। (फोटो एआई टूल से बनाई है)
HighLights
शादी के चार दिन बाद नवविवाहिता घर से लापता हुई।
करीब 16 लाख के आभूषण और 1.80 लाख रुपये नकद गायब।
भराड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। शादी के महज चार दिन बाद ही नवविवाहिता घर से लापता हो गई। परिवार के सदस्यों ने घर में जांच पड़ताल की तो करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 1 लाख 80 हजार रुपये गायब थे। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में यह घटना हुई है। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत मिलने पर भराड़ी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा में की थी कोर्ट मैरिज
बताया जा रहा है भराड़ी क्षेत्र के एक गांव के युवक ने 31 अक्टूबर को हरियाणा के जगाधरी स्थित कोर्ट में यमुनानगर निवासी 22 वर्षीय युवती के साथ शादी की थी। विवाह के बाद युवती अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। परिवार के लिए सब कुछ सामान्य था, लेकिन शादी के चार दिन बाद ही 4 नवंबर को युवती अचानक घर से लापता हो गई।
आभूषण और कैश भी गायब होने पर थाने पहुंचा परिवार
जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब होने पर पीड़ित परिवार थाने पहुंचा। शिकायतकर्ता के अनुसार, गायब हुए आभूषणों की कीमत करीब 16 लाख रुपये है, जबकि घर से 1 लाख 80 हजार रुपये की नकदी भी नहीं मिल रही है।
क्या कहते हैं एसपी बिलासपुर
उधर, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। युवती की तलाश की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।