भाजपा नहीं कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ अवैध कटान : रणधीर
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रे
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक की ओर से पिछले दिन लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया। रणधीर शर्मा ने कहा कि नयनादेवी रेंज में हुआ अवैध वन कटान भाजपा के कार्यकाल में नहीं हुआ बल्कि विधायक रामलाल ठाकुर के दौर की पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ है। उस सरकार में वह अपने हलके से सरकार में कैबिनेट रेंक के ओहदे पर तैनात रहे थे। तो फिर अब राम लाल ठाकुर पता नहीं क्यों भाजपा को इस मामले में घसीटकर जनता के बीच हंसी का पात्र बन रहे हैं। अगर केंद्र सरकार हिमाचल के बीस से पच्चीस किलो मीटर की लंबाई वाली सड़कों को भी हाईवे बनाकर जनता को सहूलियत देने की प्रयास में है तो इससे कांग्रेस व इनके नेता रामलाल ठाकुर को परेशानी क्यों हो रही है।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को कांग्रेस नेता पचा नहीं पा रहे हैं। बौखलाहट में तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस में अंतर्कलह चरम सीमा पर है। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से जनता का ध्यान हटाने तथा अपनी पार्टी की गुटबाजी छिपाने के लिए कांग्रेस नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। चार सालों में हर वर्ग के उत्थान के लिए मोदी सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से कांग्रेस नेताओं पर बौखलाहट हावी है। कांग्रेस नेता राम लाल ठाकुर कह रहे हैं कि एनएच के मामले में मानकों की अनदेखी की गई है। यदि उनके पास मानकों से संबंधित कोई दस्तावेज हैं तो वे उन्हें प्रस्तुत करें। अवैध वन कटान कांग्रेस सरकार के समय हुआ। इस अवसर पर दौलतराम ठाकुर, सतदेव शर्मा व सोनल शर्मा भी मौजूद थे।