'आज नहीं रोऊंगी, शेर बेटे को खुशी-खुशी विदा करूंगी'; हिमाचल में तिरंगे में लिपटे जवान की तस्वीर चूम मां ने दी अंतिम विदाई
बिलासपुर के झंडूता में शहीद जवान संदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनकी मां ने ...और पढ़ें
-1794627791016_m.webp)
जवान को अंतिम सलामी देते हुए सैनिक (फाइल फोटो)
HighLights
शहीद संदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई।
मां ने बेटे को 'शेर' कहकर खुशी-खुशी विदा किया।
अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ी थी।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। 'आज नहीं रोऊंगी, मेरा शेर बेटा था, खुशी-खुशी विदा करूंगी, जय हिंद।' यह शब्द उस मां के थे, जिसके सामने जवान बेटे का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा था।
सेना के जवान की मां का हौसला भी पहाड़ की तरह था। पार्थिव शरीर के पास रो रहे बड़े बेटे को शांत करवाती हुई मां कहती है... आज शेर बेटे को विदा करना है, तुम भी नहीं रोना, किसी दिन अकेले बैठकर रो लेंगे।
जिस बेटे को मां ने बड़े अरमानों के साथ देश की सेवा के लिए सेना में भेजा था, उसी को अंतिम विदाई देते समय कलेजे पर बड़ा सा पत्थर रख लिया। आंखों में आंसू, चेहरे पर बेटे को खोने का असहनीय दर्द।
मां ने अपने जिगर के टुकड़े की तस्वीर को चूमकर उसे अंतिम सलामी दी और नम आंखों से विदा किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
बिलासपुर जिले के झंडूता की ग्राम पंचायत घराण के गांव खमेड़ाकलां निवासी सेना के जवान 35 वर्षीय संदीप कुमार को वीरवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
वीरवार सुबह जैसे ही पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, पूरे गांव में मातम छा गया। मां, पत्नी व अन्य स्वजन का विलाप देखकर हर किसी का कलेजा कांप उठा। संदीप 27 दिसंबर 2010 को भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में भर्ती हुए थे।
वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र में थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। 10 नवंबर को उनका निधन हो गया। संदीप जून 2026 में छुट्टी लेकर घर आए थे और करीब 45 दिन परिवार के साथ बिताने के बाद अगस्त में ड्यूटी पर लौटे थे। संदीप की पत्नी आरती और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी अभी कोई संतान नहीं थी। संदीप के बड़े भाई भी सेना में हैं।
हिमाचल की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया गया
वीरवार को अंतिम संस्कार के दौरान भारतीय सेना ने सशस्त्र सलामी देकर वीर जवान को अंतिम नमन किया। पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा तथा थाना तलाई के एसएचओ सहित अन्य गण्यमान्य ने भी श्रद्धांजलि दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।