विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का विरोध, बिलासपुर में लोगों ने किया खूब हंगामा तो पुलिस थाने पहुंचा मामला

By Shubham Rahi Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 20 Apr 2026 03:51 PM (IST)Updated: Mon, 20 Apr 2026 04:22 PM (IST)

बिलासपुर के पंजगाई क्षेत्र में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का जोरदार विरोध हुआ। स्थानीय लोगों, दुकानदारों और युवा नेता रोहित ...और पढ़ें

बिलासपुर में स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।

बिलासपुर में स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।

HighLights

  1. पंजगाई में स्मार्ट मीटर लगाने का जोरदार विरोध

  2. विद्युत बोर्ड पर जबरन मीटर लगाने का आरोप

  3. प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग, आंदोलन की चेतावनी

संवाद सहयोगी, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में स्मार्ट बिजली मीटर का बड़े स्तर पर विरोध हो रहा है। जिला बिलासपुर के पंजगाई क्षेत्र में विद्युत बोर्ड द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। सोमवार सुबह इस मुद्दे को लेकर स्थानीय लोगों, दुकानदारों और युवा नेता व समाजसेवी रोहित ठाकुर के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विद्युत बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। 

उन्होंने जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग की। प्रदर्शन पंजगाई बाजार के मुख्य चौक पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हुए। 

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विद्युत बोर्ड के कर्मचारी बिना अनुमति दुकानों में स्मार्ट मीटर स्थापित कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। युवा नेता रोहित ठाकुर ने कहा कि बोर्ड के कर्मचारी नियमों की अनदेखी करते हुए दुकानदारों पर दबाव बना रहे हैं। 

विरोध करने पर थाने में शिकायत

उन्होंने आरोप लगाया कि एक दुकानदार ने जब इसका विरोध किया, तो उसकी दुकान में जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उस दुकानदार के खिलाफ बरमाणा थाना में शिकायत भी की गई, जो सरासर गलत और अन्यायपूर्ण है।

फैसला थोपना गलत

रोहित ठाकुर ने इस पूरे मामले को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति पर उसकी सहमति के बिना इस तरह का फैसला थोपना गलत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्युत बोर्ड ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया और जबरन मीटर लगाने की कार्रवाई जारी रखी, तो वे जिला मुख्यालय में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।

बिना जागरूकता व सहमति के लगाना उचित नहीं

इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर को लेकर पहले ही कई तरह की शंकाएं बनी हुई हैं, जैसे कि बिजली बिल में बढ़ोतरी और तकनीकी खामियां। ऐसे में बिना जागरूकता और सहमति के इसे लागू करना उचित नहीं है।

इन्होंने किया प्रदर्शन

इस प्रदर्शन में पंजगाई, धौनकोठी, रोपा और आसपास के क्षेत्रों से कई लोग शामिल हुए। इनमें छोटा राम ठाकुर, रविंदर कुमार (पूर्व प्रधान), दौलत राम ठाकुर, अमरनाथ ठाकुर, बंगालु राम, कमल वर्मा, नरेंद्र गौतम, योगेश कुमार, सुनील गौतम, राजीव भारद्वाज और ज्ञान चंद सहित अन्य उपस्थित रहे।

और तेज आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और दुकानदारों को राहत दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और विद्युत बोर्ड की होगी।

यह भी पढ़ें: मंडी में तीन मंजिला भवन में भड़की आग, लपटों के बीच फंस गए दंपती व बच्ची; दमकल टीम ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगियां