बिलासपुर, जेएनएन। पुलिस लाइन के पुलिस कर्मियों की ड्यूटी अब सॉफ्टवेयर के अनुसार लगेगी। ड्यूटी इंचार्ज अब रोस्टर तैयार नहीं करेगा, बल्कि सॉफ्टवेयर इस रोस्टर को ऑटो अपडेट करेगा। इससे अब ड्यूटी इंचार्ज अपनी मर्जी से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी नहीं लगा सकेगा। इंचार्ज के करीबी पुलिस कर्मी भी मनचाही ड्यूटी अब नहीं कर पाएंगे। बिलासपुर पुलिस ने लाइन ड्यूटी के लिए आधुनिक सॉफ्टवेयर की प्रणाली को अपनाने का निर्णय लिया है। इस सॉफ्टवेयर में पुलिस लाइन के कर्मचारियों का डाटा डाला गया है। जब कभी ड्यूटी लगाना होगी, सिर्फ कंप्यूटर को कमांड देना होगा। ये सॉफ्टवेयर खुद उन कर्मचारियों की लिस्ट तैयार कर देगा, जिनकी ड्यूटी लगाई जानी है।
सॉफ्टवेयर यह काम रोस्टर के अनुसार करेगा। जल्द ही इस सॉफ्टवेयर से कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अभी तक ट्रायल किया गया है, जो सफल है। अभी इस सॉफ्टवेयर से सिर्फ सिरमौर पुलिस ही कार्य कर रही थी। अब बिलासपुर पुलिस ने भी इस तरह से कार्य करने का फैसला लिया है, ताकि कोई भी जवान अपनी
ड्यूटी के बगैर न रह सके।
सॉफ्टवेयर की प्रणाली को अपनाया जा रहा है। इसका सफल ट्रायल किया गया है। जल्द ही इस व्यवस्था को स्थाई तौर पर लागू कर दिया जाएगा। इससे निष्पक्षता से कार्य की संभावना बढ़ेगी।
-अशोक कुमार, एसपी बिलासपुर।
इंचार्ज के करीबियों की अब नहीं होगी मौज
अकसर पुलिस लाइन में ऐसा होता आया है कि ड्यूटी लगाने के समय दोस्ताना जरूर देखा जाता है। इस कारण अपने मनपसंदीदा लोगों की ड्यूटी उनकी पसंद की जगहों पर लगा दी जाती थी। इस संदर्भ में भी अधिकारियों ने माना है कि ऐसा होता है, जिसके चलते कई बार अधिकारियों को खुद ड्यूटी रोस्टर की जांच करनी पड़ जाती थी। लेकिन अब बिलासपुर पुलिस ने सिरमौर पुलिस की तर्ज पर यह कार्य आरंभ करने की कार्ययोजना तैयार ली है, जिससे कोई भी पुलिस जवान हर बिना ड्यूटी के न रह सके।
गलोड़ पुलिस ने 11 वाहनों काटे चालान
पुलिस चौकी गलोड़ के एएसआइ विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने नाका लगाकर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेल्मेट, लाइसेंस और गाड़ी के कागजात पूरे न पाए जाने पर नौ वाहनों के चालान काटकर 900 रुपये जुर्माना वसूला और दो वाहन चालकों का चालान काट कर कोर्ट भेजा गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।