Bilaspur News: कीरतपुर-नेरचौक मार्ग पर कैंची मोड़ से मंडी भराड़ी तक यातायात 20 तक बंद
Bilaspur News कीरतपुर-नेरचौक मार्ग पर कैंची मोड़ से मंडी भराड़ी तक यातायात 20 तक बंद रहेगा। तंग व कच्ची सड़क होने के कारण सैंकड़ों वाहन देर रात इसी मार्ग पर फंसे रहे और लंबे यातायात जाम का लोगों को सामना करना पड़ा।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक बार फिर यातायात बंद कर दिया गया है। शनिवार और रविवार को नवनिर्मित फोरलेन से कई लोगों ने सफर का आनंद उठाया। रविवार देर शाम अचानक निर्माण के कारण जब सुरंग बंद की गई तो देर रात तक हजारों वाहन कैंची मोड़ सुरंग के बीच और पोर्टल दो पर फंसे रहे। पर्यटकों के वाहनों को वाया स्वाहण मार्ग से कैंची मोड़ की तरफ मोड़ा गया।
लंबे जाम का लोगों को करना पड़ रहा सामना
तंग व कच्ची सड़क होने के कारण सैंकड़ों वाहन देर रात इसी मार्ग पर फंसे रहे और लंबे यातायात जाम का लोगों को सामना करना पड़ा। इस मार्ग पर अब अंतिम चरण की तैयारियों को शुरू कर दिया गया है। कीरतपुर-नेरचौक मार्ग पर कैंची मोड़ से मंडी भराड़ी क्षेत्र तक यातायात 20 मई तक बंद कर दिया गया है। पहले जगातखाना तक वाहनों को आवाजाही के लिए रोका नहीं जा रहा था। अब वहां पर भी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है ताकि जगातखाना का पुल जल्द तैयार किया जा सके।
फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी का अनुमान है कि 20 मई तक अधिकतर काम पूरा कर लिया जाएगा। जगातखाना के पुल पर कुछ काम अधूरा रहने की संभावना है लेकिन उस स्थान पर अतिरिक्त सड़क यातायात के लिए उपलब्ध है। ऐसे में 20 मई से एकतरफा यातायातशुरू करने की योजना है।
हालांकि अभी तक केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से इस मार्ग के शुभारंभ के लिए समय निर्धारित नहीं किया गया है लेकिन कंपनी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।उपायुक्त, बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर निर्माण के कारण 20 मई तक यातायात पर प्रतिबंध लगाया गया है।
एक अन्य सुरंग का हो रहा निर्माण
इस मार्ग पर कैंची मोड़ सुरंग के साथ एक अन्य सुरंग भी बनाई जा रही है। यहां एक सुरंग जाने और एक आने के लिए प्रस्तावित है। हालांकि दूसरी सुरंग का कार्य काफी देर से शुरू हुआ जिसे बनने में अभी काफी समय लगेगा। तैयार सुरंग से निर्माणाधीन सुरंग के अंदर प्रवेश करने के लिए चार स्थानों से गेट बने हैं। उन गेट को फिलहाल बंद करने की तैयारी चल रही है।
कैंची मोड़ से मेहलां सुरंग की आज से सफाई होगी
इस मार्ग की सबसे लंबी कैंची मोड़ से मेहलां सुरंग की मंगलवार से सफाई शुरू होगी। यह इस मार्ग पर निर्मित सबसे लंबी दो किलोमीटर सुरंग है। इसके अंदर काफी मिट्टी जमा हो गई है। इस कारण सारी दीवारें मटमैली हैं। सुरंग की कई चरणों में सफाई के बाद इसमें रंग और बिजली के शेष बचे कार्य को पूरा किया जाएगा।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। कैंची मोड़ सुरंग की सफाई और बिजली का कार्य पूरा किया जाना है। वहीं, जगातखाना में पुल का कार्य भी अत्यधिक यातायात के कारण बाधित हो रहा है। इस मार्ग को मंडी भराड़ी से लेकर कैंची मोड़ तक पूर्णतया बंद करने का फैसला लिया है। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को भी दे दी गई है। इस मार्ग पर अब किसी भी तरह के वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। -कर्नल बीएस चौहान, गाबर इंडिया कंस्ट्रक्शन कंपनी।