Bilaspur Election: सुबह आठ बजे से चार बजे तक होगी वोटिंग, शाम को आएगा परिणाम
दो पंचायतों में सुबह आठ बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मत पेटियों को पंचायत घर में पहुंचाया जाएगा और उसके बाद मतों की गिनती होगी। मंगलवार शाम को ही दोनों पंचायतों के उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
बिलासपुर, संवाद सहयोगी। जिला बिलासपुर में मंगलवार को होने वाले उपचुनाव के लिए पंचायतीराज विभाग ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला में दो पदों के लिए ही चुनाव होगा। दोनों जगह पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं। जिला में सात पंचायतों में उपचुनाव होना था तथा इसके लिए 14 लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकिन पांच पदों के लिए एक-एक ही प्रत्याशी रह गया था।
इस कारण यहां पर पांच लोग निर्विरोध चुन लिए गए। दो पंचायतों में सुबह आठ बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मत पेटियों को पंचायत घर में पहुंचाया जाएगा और उसके बाद मतों की गिनती होगी। मंगलवार शाम को ही दोनों पंचायतों के उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
यहां पर होगा उपचुनाव
मंगलवार को सदर विकास खंड के तहत आने वाली साई खारसी पंचायत में वार्ड सदस्य और झंडूता विकास खंड के तहत आने वाली गालियां पंचायत में प्रधान पद के लिए उपचुनाव होगा। साई खारसी पंचायत में वार्ड सदस्य के लिए दो प्रत्याशी देवराज और श्यामलाल चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार गालियां पंचायत में प्रधान पद के लिए तीन प्रत्याशी राज कुमार, लच्छु राम व हरदेव चुनाव मैदान में हैं।
ये हुए निर्विरोध निर्वाचित
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सदर विकास खंड के तहत पंजगाई से शर्मिली कुमारी व ओयल से मीरा देवी निर्विरोध वार्ड सदस्य बनी है। इसी प्रकार नयनादेवी विकास खंड के तहत रोड जामन पंचायत में उपप्रधान भी निर्विरोध चुन लिया गया है। यहां पर चार लोगों ने उपप्रधान के लिए नामांकन दाखिल किया था, लेकिन नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 21 अप्रैल को तीन लोगों ने अपने नाम वापस ले लिए। इस कारण यहां से वीना देवी निर्विरोध उपप्रधान चुन ली गई। झंडूता विकास खंड के तहत डमली पंचायत से कौशल्या देवी और घुमारवीं विकास खंड के तहत लैहड़ी सरेल पंचायत से अनिल शर्मा निर्विरोध वार्ड सदस्य चुने गए।
दोनों पंचायतों में उपचुनाव के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। मतदान सुबह आठ से लेकर शाम चार बजे तक होगा। मतदान बैलेट पेपर होगा। मतदान के बाद मतों की गिनती की जाएगी और शाम को परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। (अश्विनी शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी बिलासपुर)।