महिलाओं को पोषाहार के बताए लाभ
ग्राम पंचायत कसारू के आंगनबाड़ी केंद्र छंज्जियार में वृत्त दधोल के
संवाद सहयोगी, डंगार चौक : ग्राम पंचायत कसारू के आंगनबाड़ी केंद्र छंज्जियार में वृत्त दधोल के पर्यवेक्षक सुनील शर्मा की अध्यक्षता में जागरूकता शिवर का आयोजन किया। उन्होंने महिलाओं को पोषाहार के लाभ बताया। सुनील ने कहा कि यदि संतुलित आहार न लें तो हम कुपोषण का शिकार हो सकते हैं। कुपोषित व्यक्ति को अनीमिया भी हो जाता है। यदि कोई व्यक्ति कुपोषण का शिकार हो जाए तो उसे बहुत सी बीमारियां लग सकती है। बाल विकास विभाग में कुपोषण से बचने के लिए बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में पूरक आहार, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं व धात्री महिलाओं के लिए भी आहार दिया जाता है। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता बद्धाघाट सोनिका कपूर ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को गर्भवस्था के समय पोषण का विशेष ध्यान रखना चाहिए। क्योंकि मां के गर्भ में पल रहे बच्चे को भी पोषण की जरूरत होती है। पूरी गर्भावस्था के दौरान महिला का 10 से 12 किलोग्राम वजन बढ़ना चाहिए और यह तभी हो सकता है जब महिला अपने संतुलित आहार में विशेष रूप से हरी पत्तेदार सब्जियां मौसमी फल इत्यादि का प्रयोग करे। यदि मां स्वस्थ होगी तभी वह स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों व योजनाओं तथा टीकाकरण की जानकारी दी। यही नहीं जलजनित रोगों की रोकथाम के प्रति भी जागरूक किया। इस अवसर पर पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता बद्धाघाट विनय चंदेल, सोनिका कपूर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री देवी, मीरा देवी, बिमला देवी, अंजना देवी, सोनिका तथा आशा कार्यकर्ता आशा देवी उपस्थित रही।