जनमंच के नाम पर ठग रही प्रदेश सरकार : युकां
प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश की भोली भाली जनता को जनमंच के नाम पर मात्र ठगने का प्रयास कर रही है।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव आशीष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार भोली भाली जनता को जनमंच के नाम पर मात्र ठगने का प्रयास कर रही है। रविवार को नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के दयोथ पंचायत में जनमंच कार्यक्रम जंगमंच बन गया है। जनमंच में लोग सरकार के नुमाइंदों के पास उम्मीदें लेकर आते हैं कि सरकार उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण करेगी पर यहां कुछ और ही दिखने को मिला। मंत्री सरवीन चौधरी प्रस्तावित समय से लगभग दो घटे देरी से वहां पहुंची। जैसे ही पहुंची तो समस्याओं को सुनने के विपरीत उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में गुणगान शुरू कर दिया। जनता की समस्याओं को सुनने के समय विधायक राम लाल ठाकुर ने सबसे पहले नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद जितने बस रूट बंद किए गए हैं उनका मुद्दा उठाया। इस समस्या पर सत्ता पक्ष की तरफ से कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं आया। उसके बाद विधायक ने बरसात से प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि मुहैया करवाने का प्रश्न उठाया तो उस प्रश्न पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा खुद ही मंत्री बनकर जवाब देने लग गए। रणधीर शर्मा ने बात को राष्ट्रीय राजमार्ग की तरफ ले और जनता को गुमराह करने लग गए।