जोल स्कूल भवन से गिरे स्लेट से मुख्याध्यापक घायल
संवाद सूत्र, भराड़ी : ग्राम पंचायत लैहड़ी सरैल के राजकीय प्राथमिक पाठशाला जोल के जर्जर कमरे का स्लेट अ
संवाद सूत्र, भराड़ी : ग्राम पंचायत लैहड़ी सरैल के राजकीय प्राथमिक पाठशाला जोल के जर्जर कमरे का स्लेट अचानक मुख्याध्यापक के सिर पर गिर गया। इससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। मुख्याध्यापक को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां पर उनके सिर पर पांच टांके लगे हैं। ग्रामीणों ने स्कूल के असुरक्षित कमरे को गिराने की मांग की है।
सोमवार को करीब बारह बजे स्कूल के मुख्याध्यापक कृष्ण चंद धीमान अपने कार्यालय से साथ लगते शौचालय की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह पुराने जर्जर कमरे के पास पहुंचे तो ऊपर से एक स्लेट उनके सिर पर जा गिरा। खून से लथपथ मुख्याध्यापक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी ले जाया गया। लैहड़ी सरैल के पंचायत उपप्रधान ने बताया कि पुराने स्कूल का कमरा जर्जर हो चुका है। यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं रहता है। बरसात में तो खतरा और बढ़ जाता है। स्कूल के बच्चों पर भी स्लेट गिर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मुख्य संसदीय सचिव को भी कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन पुराने कमरे को गिराने की इजाजत नहीं मिल रही है। इस ओर अगर स्कूली बच्चे खेल रहे होते तो हादसा अधिक भयावह हो सकता था।
इधर, प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक पीसी धीमान ने बताया कि जर्जर स्कूल भवनों को गिराने की प्रक्रिया जारी है। जोल स्कूल के पुराने भवन को भी जल्दी गिरा दिया जाएगा।